बरसे बादल, भीषण उमस व गर्मी से मिली निजात

जागरण संवाददाता मऊ कई दिनों की भीषण गर्मी व उमस के बीच शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे अचा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Jul 2021 08:50 PM (IST) Updated:Sat, 17 Jul 2021 09:18 PM (IST)
बरसे बादल, भीषण उमस व गर्मी से मिली निजात
बरसे बादल, भीषण उमस व गर्मी से मिली निजात

जागरण संवाददाता, मऊ : कई दिनों की भीषण गर्मी व उमस के बीच शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे अचानक आसमान में बादलों का घेरा बढ़ने लगा। देखते ही देखते काली घटा छा गई। थोड़ी ही देर में अंधड़ के साथ आसमान में गरजते बादलों से बारिश की बूंदें टपकने लगीं। सुबह कोपागंज व घोसी ब्लाक के अधिकांश इलाकों में झमाझम बारिश के बाद दोपहर होते-होते जिला मुख्यालय पर भी बादलों की मेहरबानी शुरू हो गई। इसके बाद रुक-रुक कर हुई झमाझम बारिश ने कुछ ही देर में शहर की सड़कों व मैदानों को पानी-पानी कर दिया। वर्षा के साथ आई हवा से गर्मी व उमस का घुटन भरा माहौल खुशनुमा हो गया। वहीं धान की खेती के लिए यह अमृत समान माना जा रहा है।

पिछले एक सप्ताह से आसमान में बादलों के उमड़ने-घुमड़ने का सिलसिला बना हुआ था, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। शनिवार को शहर की सघन बस्तियों में रहने वाले बच्चे व नौजवान कोविड-19 के खतरों को दरकिनार कर बारिश में भींगते नजर आए। कई जगह अच्छी बारिश होने से कच्चे रास्ते जहां कीचड़ से भर गए, वहीं हाईवे पर फिसलन बढ़ गई। बिजली कड़कने के चलते लगभग एक घंटे तक दो-पहिया वाहन चालक दुकानों के आस-पास अपने वाहन खड़े कर दुबके रहे।

रामपुर बेलौली (मऊ): शनिवार को बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। उन्हें रोपे गए धान की फसल के लिए संजीवनी मिल गई। जमीन पर नहर सूखी तो ऊपर आसमान से भी पानी की उम्मीद टूट गई थी। बारिश न होने से धान की फसल सूखने के कगार पर पहुंच गई थी। किसानों ने बारिश की उम्मीद में येनकेन प्रकारेण धान की रोपाई भी कर दी थी। इस बीच कुछ किसान डीजल की कीमत में वृद्धि से नलकूप चलाकर रोपाई कराने में असमर्थ हो रहे थे। इस बीच हर तरफ बारिश देख खेतों में धान की नर्सरी रोप चुके किसानों खुश थे। किसानों ने बताया कि झमाझम बारिश ने धान की खेती के लिए अमृत का काम किया है।

chat bot
आपका साथी