प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के लिए मऊ और कोपागंज निकाय चयनित

जागरण संवाददाता मऊ प्रधान मंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जनपद के नगर निकायों मऊनाथ भंज

By JagranEdited By: Publish:Sat, 26 Dec 2020 08:19 PM (IST) Updated:Sat, 26 Dec 2020 08:19 PM (IST)
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के लिए मऊ और कोपागंज निकाय चयनित
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के लिए मऊ और कोपागंज निकाय चयनित

जागरण संवाददाता, मऊ : प्रधान मंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जनपद के नगर निकायों मऊनाथ भंजन और कोपागंज का चयन किया गया है। 25 फीसद से अधिक अल्पसंख्यक आबादी के आधार पर चयनित इन नगर निकायों में अल्पसंख्यक समुदाय के सर्वांगीण विकास के माध्यम से अन्य समुदायों के बीच असमानता कम करने की योजनाएं चलाई जाएंगी। यह जानकारी अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने दी। वह जिला टास्क फोर्स की बैठक के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस कार्यक्रम से संबंधित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि यह योजना केंद्र पुरोनिधानित योजना के रूप में मल्टी सेक्टोरल प्लान के नाम से वर्ष 2008-09 में ग्यारहवीं पंचवर्षीय योजना के अंतर्गत देश के 90 जिलों में आरंभ की गई थी। अब इसे इस नाम से चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस मल्टी सेक्टोरल योजना के तहत सभी कार्यक्रमों को जारी रखते हुये नवीन परियोजनाओं की स्वीकृति देकर उन्हें पूर्ण कराना है। ताकि अधिक से अधिक अल्पसंख्यक आबादी को योजना से लाभान्वित किया जा सके। साथ ही उस क्षेत्र में रहने वाले अन्य समुदायों को भी इसका लाभ मिल सके। इसका मूल उद्देश्य अल्पसंख्यक आबादी के सामाजिक, आर्थिक, आधारभूत सुविधाओं एवं उनके जीवन गुणवत्ता में सुधार लाते हुए अन्य समुदायों से असमानता को कम करना है। इस योजना के बजट का 80 प्रतिशत शिक्षा, स्वास्थ, कौशल विकास एवं नई-नई योजनाओं पर खर्च करना है। योजना का 33 से 40 फीसद बजट महिला एवं बालिकाओं के लिए रखा है। इसके तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, सद्भाव मंडप, आवासीय स्कूल, स्मार्ट क्लास, हुनर हब, मार्केट शेड, अतिरिक्त कक्ष, आंगनबाड़ी केंद्र, राजकीय आइटीआइ, राजकीय पालीटेक्निक, इंटर कालेज, महिला एवं पुरुष छात्रावास आदि के प्रस्ताव लिए जा जाएंगे। नवोदय विद्यालय एवं केंद्रीय विद्यालय की तरह आवासीय विद्यालय भी बनाए जा सकते हैं। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान एवं सर्व शिक्षा अभियान के मानक पर कंप्यूटर प्रोजेक्, इन्टरनेट कनेक्टिविटी सहित लिए जाएंगे। जिलाधिकरी ने कहा कि निश्चितरूप से जनपद के क्षेत्रों में इस कार्य के माध्यम से विकास होगा। इस अवसर पर घोसी विधायक विजय राजभर, मुख्य विकास अधिकारी रामसिंह वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवननाथ त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी केहरि सिंह, जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी