घोसी से सुभासपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर प्रत्याशी घोषित

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के घोसी लोकसभा क्षेत्र से घोषित प्रत्याशी महेंद्र राजभर रतनपुरा विकास खंड की मुबारकपुर ग्राम पंचायत के निवासी हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 16 Apr 2019 06:25 PM (IST) Updated:Tue, 16 Apr 2019 08:41 PM (IST)
घोसी से सुभासपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर प्रत्याशी घोषित
घोसी से सुभासपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर प्रत्याशी घोषित

जागरण संवाददाता, मऊ : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के घोसी लोकसभा क्षेत्र से घोषित प्रत्याशी महेंद्र राजभर रतनपुरा विकास खंड की मुबारकपुर ग्राम पंचायत के निवासी हैं। हाईस्कूल तक पढ़े महेंद्र राजभर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत गंवई राजनीति से ही शुरू की और 1995 में क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए। भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के सानिध्य में रहते हुए 27 अक्टूबर 2002 को पार्टी की स्थापना के समय से ही सक्रिय हैं और पार्टी के संस्थापक सदस्य के रूप में प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व का भी निर्वहन किया। वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-भासपा गठबंधन से यह मऊ सदर विधानसभा के प्रत्याशी रहे और बाहुबली मुख्तार अंसारी को कड़ी टक्कर देते हुए 88096 मत प्राप्त किए और दूसरे स्थान पर रहे। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा अपने भाषण में मुख्तार अंसारी को लक्षित कर महेंद्र के लिए कहे गए वाक्य 'बाहुबली को कोई कटप्पा ही हराएगा' के बाद क्षेत्र में इन्हें लोग 'कटप्पा' ही कहने लगे थे। बहरहाल भारतीय समाज पार्टी को मजबूत करने में उन्होंने काफी परिश्रम किया है और प्रदेश के विभिन्न जनपदों का दौरा कर पार्टी को इस स्तर तक लाने में इनका बड़ा योगदान है। इनका जन्म 01 जुलाई 1970 हुआ था। जागरण प्रतिनिधी से भेंट में उन्होंने पूर्वांचल राज्य का गठन को ही अपनी पार्टी का मुख्य मुद्दा बताया। कहा कि किसी भी सरकार में पूर्वांचल का अपेक्षित विकास नहीं हुआ। पूर्वांचल राज्य का गठन करके ही उत्तर प्रदेश के गांव में विकास की सरिता प्रवाहित की जा सकती है। आजादी की लड़ाई में सर्वाधिक योगदान देने वाला पूर्वी उत्तर प्रदेश विकास के प्रवाह से और भी अछूता हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए।

chat bot
आपका साथी