जलजमाव को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

जागरण संवाददाता नौसेमरघाट (मऊ) विधानसभा सदर अंतर्गत ब्लाक परदहा क्षेत्र के ताजोपुर गांव

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Jan 2022 06:11 PM (IST) Updated:Sun, 23 Jan 2022 06:11 PM (IST)
जलजमाव को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जलजमाव को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, नौसेमरघाट (मऊ) : विधानसभा सदर अंतर्गत ब्लाक परदहा क्षेत्र के ताजोपुर गांव में मतदान केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाले मार्ग पर जलजमाव को लेकर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद पानी में खड़ा होकर दर्जनभर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सूचना पर एडीओ पंचायत श्रीकांत मिश्रा ने मोबाइल पर जलजमाव से निदान का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।

ग्रामीणों का कहना है कि राधे चौहान, रामाधार राजभर व सुखंन राजभर घर से सटे मतदान केंद्र एवं बूथ संख्या 319, 320, 321 व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सड़क मार्ग से मात्र 100 मीटर की दूरी है। गांव के 80 फीसद मतदाता इसी मार्ग से होकर मतदान केंद्र पर पहुंचते हैं। वर्तमान समय में इस मार्ग पर जलजमाव है। इसकी वजह से मतदान केंद्र पर दो से ढाई किलोमीटर की दूरी पश्चिम और दक्षिण दिशा की ओर से जाना पड़ेगा। ऐसे में ग्रामीण महिलाओं, दिव्यांग तथा अन्य लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उपजिलाधिकारी से कई बार ग्रामीणों एवं ग्राम प्रधान ने शिकायत पत्र देकर समस्या से अवगत कराया लेकिन जलजमाव विगत वर्षों से जस का तस बना हुआ है। प्रदर्शन करने वालों में राजन रावत, उदय नारायण राजभर, सोनी राजभर, विजय गुप्ता, अखिलेश चौहान, अभिषेक चौहान, सोनी देवी, चंपा देवी, ममता देवी, सुनीता भारती, अभय गौड़ आदि शामिल थे।

वर्जन

मतदान केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाला मार्ग को 24 घंटे के अंदर दुरुस्त कर दिया जाएगा। यहां से जलजमाव से लोगों को निजात दिलाई जाएगी। मिट्टी एवं गिट्टी पाटकर समस्या का समाधान किया जाएगा।

हेमंत चौधरी, उपजिलाधिकारी सदर।

chat bot
आपका साथी