सर्दी से बचने को हाथी राजा पहन रहे कंबल, खा रहे अदरक

शरीर में गर्माहट को गर्म तासीर वाले दिए जा रहे भोजनबाड़े में लगाई गई हैं हाथियों के लिए सोलर लाइट

By JagranEdited By: Publish:Tue, 12 Jan 2021 06:13 AM (IST) Updated:Tue, 12 Jan 2021 06:13 AM (IST)
सर्दी से बचने को हाथी राजा 
पहन रहे कंबल, खा रहे अदरक
सर्दी से बचने को हाथी राजा पहन रहे कंबल, खा रहे अदरक

संवाद सूत्र, फरह (मथुरा): ठंड बढ़ रही है, तो मुश्किलें भी बढ़ने लगी हैं। मनुष्यों के साथ अब पशुओं को भी सर्दी सता रही है। फरह स्थित संरक्षण केंद्र में अब हाथी राजा ठंड से बचने को कंबल और जैकेट पहन रहे हैं। शरीर में गर्माहट रहे इसके लिए गर्म तासीर का भोजन ले रहे हैं। तीन ओर से ढके टीनशेड के नीचे ही अब उनका बसेरा है।

आगरा-मथुरा हाईवे से 2 किलोमीटर दूर यमुना किनारे बने संरक्षण गृह में 27 हाथी हैं। केंद्र के प्रभारी नरेश ने बताया कि हाथियों को गर्म तासीर वाला भोजन दिया जा रहा है। खाने के लिए गुड़, लहसुन, अदरक और बाजरे का दलिया दिया जा रहा है। ठंड से बचाने के लिए विशेष टिन शेड बनाए गए हैं, तीन तरफ से कवर्ड हैं। रात में सभी हाथियों के ऊपर कंबल डाले जा रहे हैं। गर्मी के लिए टीनशेड के अंदर सोलर लाइट लगाई गई हैं। नरेश बताते हैं कि सुबह छह बजे खाना खिलाने के बाद सात बजे से हाथियों को दस किमी जंगल में घुमाने के लिए छोड़ दिया जाता है। 11 बजे महावत टारगेट ट्रेनिग देने के साथ ही बाड़े में छोड़ दिया जाता है। दिन में हाथी गुनगुनी धूप में मस्ती करते हैं। अपराह्न ढाई बजे उन्हें दलिया और रात आठ बजे गन्ना भी दिया जा रहा है। पानी भी गर्म दिया जा रहा है। नरेश बताते हैं कि कई हाथी बीमार हैं और बुजुर्ग हैं। ठंड में उनका खास ख्याल रखा जा रहा है। उन्हें जैकेट पहनाई जा रही है, ताकि शरीर को गर्माहट मिलती रहे। उनके खानपान का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

chat bot
आपका साथी