हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हुए शिवालय

शिव मंदिरों में उमड़ता रहा शिव भक्तों का रेला

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Mar 2019 11:04 PM (IST) Updated:Mon, 04 Mar 2019 11:04 PM (IST)
हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हुए शिवालय
हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हुए शिवालय

मथुरा, जेएनएन। शिवरात्रि पर शहर से लेकर देहात तक भोले की जय-जयकार हुई। शिवालय हर-हर महादेव के जयघोषों से गूंज उठे। सुबह से देर रात तक भक्त शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचते रहे। वृंदावन, कोसीकलां, महुअन, बलदेव, गोवर्धन के मंदिरों में श्रद्धालुओ का रेला उमड़ता रहा। मंदिरों को आकर्षक सजाया गया।

वृंदावन:भगवान श्रीकृष्ण की लीलाभूमि शिवमय नजर आई। वंशीवट स्थित गोपीश्वर महादेव मंदिर पर भोर से ही भक्तों का सैलाब उमड़ने लगा। श्रद्धालुओं को एक रास्ते से प्रवेश मिला तो दूसरे रास्ते से उन्हें बाहर निकाला गया। कांवड़ लेकर आए शिवभक्त अपने ही अंदाज में भक्ति का प्रदर्शन करते दिखाई दिए। कांच की बोतलों में भरे गंगाजल को भोलेबाबा की ओर छोड़ दे रहे थे। जिससे मंदिर के अंदर चारों ओर कांच ही कांच श्रद्धालुओं के पैर छलनी कर रहे थे। बनखंडेश्वर महादेव, अग्रबिहारी मंदिर, केशेश्वर महादेव, टालेश्वर महादेव मंदिर पर भी भीड़ रही। बैंडबाजों के साथ जेहर चढ़ाई गई।

कोसीकलां: सुबह से ही नगर के शिवालयों में श्रद्धालु महादेव बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को पहुंचने लगे। तालाबशाही स्थित बड़े महादेव मंदिर, गोमतेश्वर महादेव, कैलादेवी मंदिर आदि शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कांवड़िया, शिवभक्त जय भोले की गुंजायमान करते हुए आगे बढ़ रहे थे। रात्रि जागरण में सभी भक्तों के लिए भांग की ठंडाई, प्रसाद वितरित किया।

गोवर्धन: गिरिराज तलहटी शिवमय नजर आई। बम बम भोले की गूंज के बीच तलहटी के शिव मंदिरों में भक्तों ने जलाभिषेक कर पुण्य अर्जित किया। कांवड़िया और भक्तों ने सुबह मानसीगंगा में स्नान कर चक्रेश्वर मंदिर में पूजन किया। लोठेश्वर, मानसीगंगा स्थित गंगेश्वर, पालई स्थित पालेश्वर, पारासोली के रासेश्वर, राधाकुंड स्थित कुंडेश्वर, मुखराई के शिव मंदिर में पूजा की। महादेव का श्रृंगार किया गया। मुखराई में सेवायत छगन लाल शर्मा ने अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया।

बलदेव : बलदेव के गांव अबैरनी में ग्रामीणों ने शिव बारात निकाली। बारात बालाजी मंदिर से शुरू होकर पूरे गांव में निकली। ग्रामीणों ने पुष्प बरसा कर आरती की।

महुअन : रंगेश्वर महादेव मंदिर पर कावड़ियों ने बैंड-बाजों के साथ कांवड़ चढ़ाई। श्रद्धालुओं ने वृत रखकर पूजा-अर्चना की। देररात तक मंदिरों में श्रद्धालु उमड़ते रहे।

chat bot
आपका साथी