महागठबंधन जीता तो उप्र से निकलेगा प्रधानमंत्री: जयंत

मोदी बतौर चौकीदार हुए फेल आर्थिक मोर्चों पर भी सरकार रही नाकाम महागठबंधन प्रत्याशी के लिए मांगे वोट सांसद हेमा पर भी किए तीखे प्रहार

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Mar 2019 10:36 PM (IST) Updated:Sat, 23 Mar 2019 10:36 PM (IST)
महागठबंधन जीता तो उप्र से निकलेगा प्रधानमंत्री: जयंत
महागठबंधन जीता तो उप्र से निकलेगा प्रधानमंत्री: जयंत

मथुरा, जासं। रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि महागठबंधन जीता तो प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश का होगा। हालांकि उन्होंने किसी नाम नहीं लिया। कहा कि महागठबंधन में काबिल नेताओं की कोई कमी नहीं हैं। पुलवामा कांड पर प्रधानमंत्री को बतौर चौकीदार नाकाम बताया और कहा आर्थिक मोर्चे पर भी भाजपा सरकार विफल रही। किसान, मजदूर और व्यापारी वर्ग सभी परेशान है। विकास कार्य जो उन्होंने शुरू किए थे, उनकी भी सांसद हेमामालिनी रखवाली नहीं कर सकी। एयरपोर्ट और बरसाना- कोसीकलां के बीच रेल लाइन का सर्वे के मुद्दे उन्होंने उछाला।

रालोद उपाध्यक्ष शनिवार को अवागढ़ हाउस पर सपा, बसपा और रालोद के संयुक्त कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसके बाद गोवर्धन ब्लॉक के बछगांव, मगोर्रा और छाता क्षेत्र के राल में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान सपा और बसपा के वरिष्ठ नेता और जिलाध्यक्ष भी मंच पर मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि कुछ लोग आपको भटकाने की कोशिश करेंगे। कहेंगे कि लड़ाई पाकिस्तान से है। पांच साल पहले भी यही कहा गया था कि देश को खतरा है। आज भी यही दोहराया जा रहा है। असली खतरा तो यही लोग हैं। नौजवान को नौकरी नहीं मिली है। चौकीदार तो झोला लेकर चले जाने की बात कहते हैं, इसलिए वक्त आ गया है कि उनको रवाना करने का। कहा कि यहां की सांसद का कोई मुद्दा नहीं है। मथुरा की भौगोलिक स्थिति तक उनको पता नहीं है, जबकि महागठबंधन प्रत्याशी कुंवर नरेंद्र सिंह स्थानीय है। हर आदमी और उनकी समस्या से वाकिफ हैं। महागठबंधन उम्मीदवार नरेंद्र सिंह ने कहा कि 30-32 साल से वे संघर्ष कर रहे हैं। हर समस्या की उनको जानकारी है। कभी किसी जाति, धर्म नहीं पूछा और जो आया उसकी समस्या के निस्तारण के लिए उठकर चल दिए। इस बार उनको कलम की ताकत मिली तो वह भी जनता के लिए ही चलेगी। अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. जसराम सिंह और संचालन रविद्र नरवार ने किया।

chat bot
आपका साथी