रविवार को 'रवि' रहे अवकाश पर, कांपते रहे लोग

शीत लहर और कोहरा ने राहत की उम्मीद तोड़ दी। आबादी में दिनभर कोहरा छाया रहा। ठंड दूर करने के लिए लोगों ने अलाव जलाए।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 04:32 AM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 04:32 AM (IST)
रविवार को 'रवि' रहे अवकाश पर, कांपते रहे लोग
रविवार को 'रवि' रहे अवकाश पर, कांपते रहे लोग

मैनपुरी, जासं। हवा की दिशा बदलते ही एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। रविवार को सुबह से छाया कोहरा दिनभर रहा। रवि भी पूरे दिन नहीं निकले। पहाड़ों से आई सर्द हवा से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। लोग ठंड दूर करने के लिए अलाव पर तापते रहे। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आंशिक बादल छाए रहने की बात कही है।

दो दिन से छाया कोहरा रविवार सुबह और घना हो गया। आबादी में तो यह दोपहर के बाद भी बना रहा। आसमान पर आंशिक बादल छाए रहने से रविवार को सूरज भी नहीं निकले। ऐसे में सुबह से रात होने तक मौसम में गलन का अहसास बना रहा। शाम तक मध्यम गति की बर्फीली बयार से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में बिजली उपकरण का इस्तेमाल करते रहे। केवल बेहद जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले।

कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, 29 जनवरी तक आंशिक बादलों की मौजूदगी से ठंड का अहसास होता रहेगा। कोहरा भी बना रहेगा। ऐसे में तापमान में कुछ कमी भी आ सकती है। पश्चिम विक्षोभ के चलते पहाड़ों की सर्द हवा चलने से कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ों की हवा के साथ बादलों का प्रवेश भी हो रहा है, जो अनुकूल माहौल बनने पर बारिश भी कर सकते हैं। 400 सौ गरीबों को बांटे गए कंबल

मैनपुरी: सर्दी का पलटवार होते ही समाजसेवी सक्रिय हो गए हैं। करहल, कुरावली और मैनपुरी में गरीब और असहाय लोगों को कंबल बांटे। रविवार को करहल के मुहल्ला सराय में एसडीएम रतन कुमार वर्मा और सीओ अशोक कुमार ने चार सौ असहाय लोगों को कंबल दिए। समाजसेवी अब्दुल जब्बार, पूर्व सभासद आजम खान, चांद मुन्ना, नितिन चतुर्वेदी, चांद खां, पूर्व सभासद इस्लाम खान, रियासत मंसूरी, सफदर हुसैन आदि ने लोगों के सहयोग से कंबल वितरण कार्यक्रम किया।

ग्राम सहारा के भदौरिया परिवार के सहयोग से कंबल बांटने का काम हुआ। सोमेंद्र चौहान, अलकेश भदौरिया और विकास भदौरिया आदि ने गांव के अलावा नगला देवी, नगला भजन, हेमपुरा, तेजपुरा, राजपुरा आदि ग्रामों में कंबल वितरित किए गए। वहीं, मंगलवार रात शहर में मंदिर और सड़क किनारे रहने वालों को कंबल बांटे।

कुरावली में सामाजिक संगठन वाइस आफ पब्लिक घिरोर के कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंद और गरीब लोगों को कंबल, जरूरत के कपड़े और मिष्ठान वितरित किया। संगठन के कार्यकर्ता स्वामी अनंतानंद महाराज, राधेश्याम गुप्ता, विनोद वर्मा, श्याम वर्मा, दिनेश यादव, समसुल सिद्दीकी, शिवकुमार शर्मा, कुलदीप जैन, कोतवाली इंचार्ज देवेंद्र नाथ मिश्र, भट्ठा मालिक सुभाष प्रताप सिंह चौहान आदि भी उपस्थित रहे। संचालन राष्ट्रीय कवि सतीश मधुप ने किया।

chat bot
आपका साथी