आवास विकास में समस्याओं का अंबार

मैनपुरी : नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड-पांच आवास विकास कॉलोनी में सड़कें भी हैं और लाइटें भी, ले

By Edited By: Publish:Sun, 21 Dec 2014 06:07 PM (IST) Updated:Sun, 21 Dec 2014 06:07 PM (IST)
आवास विकास में समस्याओं का अंबार

मैनपुरी : नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड-पांच आवास विकास कॉलोनी में सड़कें भी हैं और लाइटें भी, लेकिन नालियां टूटी हैं तो खंभों पर लाइट खराब हैं। कूड़ेदान के अभाव में कूड़ा सड़कों या खाली प्लाटों पर पड़ा रहता है। नियमित सफाई न होने से क्षेत्र में गंदगी का आलम है। पानी की पाइपलाइन लीकेज होने से पानी के प्रेशर के अभाव में घरों तक पानी नहीं पहुंचता है। क्षेत्रवासी हैंडपंपों के सहारे पानी की पूर्ति कर रहे हैं। समस्याओं की शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। क्षेत्र में पालिका के प्रति रोष है।

साधन संपन्न कॉलोनी आवास विकास के सेक्टर-तीन में पानी की टंकी के पास ही पाइप लाइन महीनों से लीकेज हैं। इस कारण क्षेत्र में पानी की समस्या रहती है। सफाई कर्मियों की मनमानी के चलते नियमित सफाई न होने से खाली प्लाटों में कूड़ा पड़ा रहता है। जिससे फैल रही गंदगी पर पनप रहे मच्छर लोगों की नींद उड़ा रहे हैं।

कॉलोनी में खंभों पर लाइटें तो लगी हैं लेकिन कई गलियों की लाइटें खराब पड़ीं हैं, जिन्हें बदलने की मांग के बाद भी बदला नहीं गया। लोगों द्वारा जगह जगह कूड़ेदान रखने के लिए सभासद से कहने के बाद भी क्षेत्र में तीन-चार कूड़ेदान ही रखे गए हैं। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है और कूड़ा आसपास के खाली प्लाटों में पड़ा रहता है।

बोले लोग

'क्षेत्र को पानी की आपूर्ति करने वाली सेक्टर-तीन में बनी पानी की टंकी से आने वाली पाइप लाइन टेलीफोन एक्सचेंज के सामने लीकेज है। जिससे पानी का प्रेशर कम होने के कारण लोगों को घरों में पानी नहीं मिल पाता है। पानी के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है।'

अभिषेक।

'कॉलोनी की अधिकांश सड़कें ठीक ठाक हैं। लेकिन नालियां टूटी होने के कारण घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर बहकर गंदगी फैला रहा है। लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। सफाई कर्मी कम हैं और आबादी क्षेत्र बड़ा है, जिससे हर ओर नियमित सफाई नहीं हो पाती। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होती।'

रामकृष्ण शुक्ला।

'क्षेत्र में कूड़ेदानों का अभाव है। सेक्टर-दो में एक और सेक्टर-तीन में दो कूड़ेदान रखे हैं। शेष क्षेत्र में कूड़ेदान न होने से लोग घरों से निकलने वाला कूड़ा खाली प्लाटों में डालते हैं। सफाई कर्मी भी कूड़ा झाड़कर प्लाटों में पलट देते हैं। जिससे क्षेत्र में गंदगी बढ़ रही है।'

कमलेश कुमारी।

' कॉलोनी में रात को रोशनी के लिए लाइटें लगी हैं, लेकिन कई गलियों में लाइटें खराब हैं। जिन्हें बदलने की न तो सभासद को नहीं नगर पालिका परिषद को चिंता है, जिससे रात में गलियों में अंधेरा रहने से लोगों को आपराधिक घटनाएं होने का डर बना रहता है।'

मिथलेश दुबे।

'क्षेत्र की समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों ने कई बार सभासद से शिकायत की तो समस्याओं के निदान का आश्वासन तो मिला लेकिन समस्या बरकरार रही हैं। लोगों ने पालिका कार्यालय में भी कभी मौखिक तो कभी लिखित रूप में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।'

नीरज कुमारी।

'आवास विकास में जलापूर्ति के लिए बनी पानी की टंकी को भरने वाले नलकूप का मोटर टंकी के क्षमता के अनुरूप नहीं है। इस कारण पानी में प्रेशर नहीं होता। जिससे लोगों के घरों तक पानी न पहुंचने की शिकायत रहती है। कई बार नगर पालिका परिषद में प्रस्ताव रखा, लेकिन समाधान नहीं हो सका। खराब लाइटों को बदलने के लिए बोर्ड में प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। लाइटें आने पर नई लाइटें लगा दी जाएंगी। कूड़ेदानों को रखने का अभाव है। नगर पालिका परिषद द्वारा शीघ्र ही कॉलोनी में तीन स्थाई कूड़ेदान बनाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। जिससे क्षेत्र में गंदगी न रहे।'

सभासद, विश्वनाथ यादव।

प्रमुख समस्या

आवास विकास कॉलोनी में जलापूर्ति की समस्या का समाधान न होने से लोगों को पानी के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। सफाई कर्मचारियों की कमी के चलते नियमित सफाई न होने से हर ओर खाली स्थानों पर लगे कूड़े के ढेरों पर पनप रहे मच्छर क्षेत्रवासियों को परेशान करते हैं। क्षेत्र में महीनों से फॉगिंग नहीं हुई है।

एक नजर

आबादी-11000, मतदाता-7688, पुरुष मतदाता-4067, महिला मतदाता-3621, लाइटें-75, खराब लाइटें-25, हैंडपंप-50, खराब हैंडपंप-दो।

chat bot
आपका साथी