महराजगंज महिला अस्पताल का अल्ट्रासाउंड मशीन तीन महीने से ठप, रोगियों को हो रही परेशानी

महराजगंज महिला अस्पताल का अल्ट्रासाउंड मशीन ठप होने के कारण रोगियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में लोग ज्यादा रकम देकर प्राइवेट पैथालाजी में अल्ट्रासाउंड करा रहे हैं। वहीं कई लोग आर्थिक स्थिति ठीन रहने के कारण भटक रहे हैं।

By Neeraj Neeraj SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 28 Sep 2022 05:44 PM (IST) Updated:Wed, 28 Sep 2022 05:44 PM (IST)
महराजगंज महिला अस्पताल का अल्ट्रासाउंड मशीन तीन महीने से ठप, रोगियों को हो रही परेशानी
महराजगंज महिला अस्पताल का अल्ट्रासाउंड मशीन तीन महीने से ठप। (फाइल फोटो)

महराजगंज , जागरण संवाददाता। महराजगंज जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा तीन माह से ठप है। यहां तैनात रेडियालोजिस्ट का तबादला होने के कारण यह समस्या आई है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं को हो रही है। वह उपचार व परामर्श तो जिला महिला अस्पताल में चिकित्सक से प्राप्त कर रहीं है। लेकिन अल्ट्रासाउंड कराने के लिए उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय अथवा प्राइवेट सेंटर पर जाना पड़ रहा है। जिससे महिलाओं को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह है मामला

जिला महिला अस्पताल में लंबे समय से रखी अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा काफी जद्दोजहद के बाद 27 मई को शुरू की गई थी। जिससे लोगों को राहत भी मिल रही थी। लेकिन महिला अस्पताल की डा. निशा गुप्ता का स्थानांतरण होने के बाद से जुलाई से ही यह सुविधा बंद है। जबकि चिकित्सक के अनुसार अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कराना आवश्यक होता है। उसी के अनुसार वह गर्भवती महिलाओं का उपचार करते हैं। महदेवा की सुभावती ने बताया कि बेटी का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आई थी, लेकिन अब बाहर कराना पड़ रहा है। चौपरिया की सिराजुत ने बताया पत्नी को दिक्कत थी, अल्ट्रासाउंड कराना है, लेकिन यहां तो संभव ही नहीं है। इस प्रकार के हर दिन करीब 60-70 महिलाओं को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए प्राइवेट में अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। शासन-प्रशासन की उदासीनता के कारण लोगों को अल्ट्रासाउंड के लिए भटकना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासन का पूरा सिस्टम तीन माह में इसके संचालन की व्यवस्था नहीं बना सका।

डॉक्टर बोले

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. एके द्विवेदी ने बताया कि महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा चालू कराने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखा गया है। फिलहाल महिला अस्पताल में आने वाले लोगों का अल्ट्रासाउंड जिला संयुक्त चिकित्सालय में कराया जाता है।

बाहर 750 रुपये तक हो रहे खर्च

महराजगंज: जिला अस्पताल के बाहर प्राइवेट अल्ट्रासाउंड सेंटरों की भरमार है। चिकित्सक द्वारा अल्ट्रासाउंड जांच लिखते ही आस-पास घूमने वाले लोग महिलाओं व रोगियों को प्राइवेट सेंटरों का रास्ता दिखाने लगते हैं। जहां उन्हें अल्ट्रासाउंड के लिए करीब 750 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। महिला अस्पताल में भी फिर अल्ट्रासाउंड शुरू हो जाती तो, उन्हें यह सुविधा निश्शुल्क मिलती।

chat bot
आपका साथी