रंगों का महापर्व कल, कार्यालयों व स्कूलों में होली की मस्ती

महराजगंज : रंगों का महापर्व होली शुक्रवार को है पर शहर से लेकर गांव तक होली की मस्ती छा गई है। सरकार

By Edited By: Publish:Wed, 04 Mar 2015 10:34 PM (IST) Updated:Wed, 04 Mar 2015 10:34 PM (IST)
रंगों का महापर्व कल, कार्यालयों व स्कूलों में होली की मस्ती

महराजगंज : रंगों का महापर्व होली शुक्रवार को है पर शहर से लेकर गांव तक होली की मस्ती छा गई है। सरकारी कार्यालयों व स्कूलों में बुधवार को दिन भर अबीर-गुलाल उड़े। कर्मचारी, शिक्षक व छात्रों ने एक दूसरे को अबीर लगाया। गले मिले और बधाई दी।

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बाजारों में खूब चहल-पहल रही। चीनी पिचकारी बच्चों की पहली पसंद रही। लाल रंग के साथ हरा रंग भी खूब बिका। सुगंधित अबीर-गुलाल की बहार रही और लोगों ने जी भर कर खरीदारी की।

होली महापर्व पर की पूर्व संध्या पर गोझिया बन जाने के मंसूबे का बाजार में असर दिखा और तीसरे पहर तक मिठाई की सभी दुकानों पर खोवा खत्म हो गया। कीमतों में उछाल के बावजूद लोगों ने सूखा मेवा, सूजी, मैदा, रिफाइन, चीनी की खरीदारी की।

मिलावट के शक में इस बार लाल मोहन, गुलाब जामुन, वर्फी व पेड़ा की जगह लोगों ने डिब्बा बंद सोन पापड़ी पर भरोसा जताया और जमकर खरीदारी की। हर दुकान पर देर शाम तक लोग होली महापर्व पर लजीज पकवान बनाने के लिए जरूरी सामानों की खरीदारी करते देखे गए।

सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों से लेकर कर्मचारी तक सभी होली की मस्ती में डूबे रहे। स्कूलों में भी होली की मस्ती छायी रही और बच्चों ने साथियों संग अबीर-गुलाल लगाकर होली का आनंद लिया। शिक्षक भी होली के रंग में सराबोर रहे और साथियों को अबीर लगाकर गले मिले और बधाई दी।

गांवों में फाग की धूम रही। ढोलक, झाल संग नगारे की धुन फाग गीतों में चार चांद लगा रही थी। भंग पीकर लोग रात भर फगुआ की मस्ती में डूबते- उतराते रहे।

घरों से लेकर दुकानों व कार से लेकर बसों तक हर जगह होली के गीत बजते रहे। टेलीविजन व रेडियो पर भी होली की मस्ती छायी रही।

शाम होते ही शहर में स्थित 80 फीसद दुकानें, होटल व रेस्टोरेंट 'बार' में तब्दील हो गयी। इन दुकानों पर नशे के शौकीन हर वर्ग के लोग दिखे। आधी रात तक पीने-पिलाने का दौर चलता रहा।

होली महापर्व पर नशे के सामान हर वर्ग की पहली पसंद रहे। शहर से लेकर देहात देशी संग विदेशी खूब बिकी। युवाओं का जोर बीयर पर रहा। इसी का परिणाम रहा कि बुधवार को करीब दो करोड़ की शराब बिक गयी।

मदिरा व बीयर की लाइसेंसी दुकानों पर देर रात भीड़ जमी रही।

-

chat bot
आपका साथी