बाराबंकी: पत्नी से क्षुब्ध होकर युवक ने खुद को मारी थी गोली, मुकदमा दर्ज

बाराबंकी में एक युवक ने बुधवार को गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसमें वो घायल हो गया था वहीं पुलिस ने उस पर आत्महत्या करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फायर में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 04:38 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 04:38 PM (IST)
बाराबंकी: पत्नी से क्षुब्ध होकर युवक ने खुद को मारी थी गोली, मुकदमा दर्ज
बाराबंकी में युवक ने पत्नी से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, दर्ज किया गया मुकदमा।

बाराबंकी, जेएनएन। जिले में बुधवार को एक युवक की गोली लगने का मामला सामने आया था। पुलिस पड़ताल में पता चला है कि अक्षय को गोली किसी और ने नहीं बल्कि उसने खुद मार ली थी। ससुराल जाने से इन्कार कर रही पत्नी से क्षुब्ध होकर पति ने यह वारदात की थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद कर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, लखनऊ में भर्ती घायल खतरे से बाहर है।

थाना लोनीकटरा के जगतखेड़ा गांव निवासी जुगल किशोर के दामाद अक्षय 21 अक्टूबर को अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए आया था। कुर्सी थाना क्षेत्र के ग्राम अलमापुर निवासी अक्षय की पत्नी सरिता विवाद के बाद चार दिन पहले दोनों बच्चों के साथ मायके चली आई थी। 21 अक्टूबर को अक्षय पत्नी को लेने आया था, पर पत्नी ने नाराजगी के कारण जाने से मना कर दिया था। बुधवार को अक्षय के सीने में संदिग्ध हालात में गोली लग गई थी। हालांकि, अक्षय अज्ञात पर गोली मारने का आरोप लगा रहे थे। जांच में स्वयं गोली मारने की बात प्रकाश में आई। प्रभारी निरीक्षक लोनीकटरा अशोक कुमार यादव ने बताया कि अक्षय ने खुद को गोली मारी थी, उसके खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस घटना में प्रयोग किया गया तमंचा भी बरामद हो गया है। ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती युवक की हालत में सुधार है।

chat bot
आपका साथी