निर्माण कार्यों के लिए कमर कस रही यूपी की योगी सरकार, एक्सप्रेस-वे निर्माण की गतिविधियां चालू

उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की निर्माण गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग और जल निगम भी निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारियों में जुटे हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 21 Apr 2020 08:39 PM (IST) Updated:Wed, 22 Apr 2020 08:09 AM (IST)
निर्माण कार्यों के लिए कमर कस रही यूपी की योगी सरकार, एक्सप्रेस-वे निर्माण की गतिविधियां चालू
निर्माण कार्यों के लिए कमर कस रही यूपी की योगी सरकार, एक्सप्रेस-वे निर्माण की गतिविधियां चालू

लखनऊ, जेएनएन। लॉकडाउन के कारण उत्तर प्रदेश में बीते लगभग एक महीने से ठप पड़े निर्माण कार्यों को शुरू कराने के लिए योगी सरकार कमर कस रही है। एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की निर्माण गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग और जल निगम भी निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारियों में जुटे हैं।

लखनऊ को गाजीपुर से जोड़ने वाले 340 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के छह पैकेजों में जहां सोमवार से निर्माण कार्य फिर चालू हो गया है, वहीं बाकी दो पैकेजों में मंगलवार से निर्माण गतिविधियां शुरू हो गईं। लखनऊ शहर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में कांट्रेक्टर, प्रोजेक्ट इंप्लिमेंटेशन यूनिट के दफ्तर खुल चुके हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण में लगे कुल मजदूरों की संख्या औसत रूप से 10,000 है, जिसमें से वर्तमान में 4,835 मजदूर इस समय आठ पैकेजों में मौजूद हैं।

यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि संबंधित जिलाधिकारियों को इस बारे में सूचना दे दी गई है। ठेकेदारों को मजदूरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उनके बीच शारीरिक दूरी बनाये रखने के निर्देश दिये गए हैं। लॉकडाउन से पहले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का 42 प्रतिशत से अधिक भौतिक कार्य पूर्ण कर लिया गया था।

बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे परियोजना से संबंधित सभी जिलों में भी कांट्रैक्टर, पीआईयू व अथॉरिटी इंजीनियर के दफ्तर खुल चुके हैं। परियोजना के छह में से तीन पैकेजों में निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस परियोजना के निर्माण में लगे हुए कुल 6,000 मजदूरों में से निर्माण स्थलों पर वर्तमान में 2,150 मजदूर मौजूद हैं जिनके माध्यम से कार्य कराया जाना है। वहीं गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के पैकेज-1 (गोरखपुर और संतकबीरनगर) में निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए कुल 488 मजदूर मौके पर मौजूद हैं।

पीडब्लूडी करेगा 180 निर्माण कार्य शुरू

उधर, लोक निर्माण विभाग ने 18 जोन में 180 निर्माण कार्य चिह्नित किये हैं। इन निर्माण कार्यों के लिए साइट चिन्हित किये जा रहे हैं जहां 3800 श्रमिकों के जरिये काम शुरू किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों को जून तक पूरा करने का इरादा है।

जल निगम ने भी की तैयारी

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप्ड पेयजल और सीवरेज की परियोजनाओं को अंजाम देने वाला जल निगम भी लॉकडाउन के कारण ठप पड़े निर्माण कार्यों को शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इनमें अमृत योजना की 172, ग्रामीण पेयजल की 2000, नमामि गंगे की 21 और कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज के अंतर्गत निर्माण से जुड़ी लगभग 1200 परियोजनाएं हैं।

chat bot
आपका साथी