लखीमपुर में दिनदहाड़े महिला प्रधान से मारपीट, बच्चों पर ताना तमंचा;आरोपित गिरफ्तार

लखीमपुर से सटे उदयपुर महेवा गांव में महिला प्रधान के साथ हुई दुस्साहसिक घटना ने सनसनी फैला दी। गांव के तीन दबंगों ने न सिर्फ महिला प्रधान से मारपीट की बल्कि प्रधान और उनके बच्चों पर तमंचा तान दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपितों को पकड़ लिया।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 02:00 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 02:00 PM (IST)
लखीमपुर में दिनदहाड़े महिला प्रधान से मारपीट, बच्चों पर ताना तमंचा;आरोपित गिरफ्तार
लखीमपुर में दिनदहाड़े महिला प्रधान से मारपीट, गिरफ्तार आरोपित किए गए।

लखीमपुर, जेएनएन। मिशन शक्ति के तहत एक तरफ पिछले छह दिन से शहर समेत पूरे जिले में पुलिस और प्रशासनिक अमला नारी सशक्तिकरण का अभियान चला रहा है। वहीं दूसरी तरफ गुरुवार को शहर से सटे उदयपुर महेवा गांव में महिला प्रधान के साथ हुई दुस्साहसिक घटना ने सनसनी फैला दी। गांव के तीन दबंगों ने न सिर्फ महिला प्रधान से मारपीट की, बल्कि प्रधान और उनके बच्चों पर तमंचा तान दिया। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपितों को पकड़ लिया, नहीं तो बड़ी घटना हो जाती।

बात सिर्फ इतनी सी थी कि वह तीनों दबंग गांव की गरीब बस्ती में झगड़ा फसाद कर रहे थे, जिन्हें रोकने के लिए महिला प्रधान अर्तिका वर्मा और उनके बच्चे मौके पर गए थे। तभी दबंगों ने यह दुस्साहसिक वारदात की। सदर कोतवाली में मौजूद पीड़ित महिला प्रधान अर्तिका वर्मा ने बताया कि गुरुवार पूर्वाहन में गांव के पुष्पक वर्मा उर्फ एम्पिल, दीपक और एक अज्ञात व्यक्ति गरीब बस्ती में जाकर लोगों से लड़ाई झगड़ा कर रहे थे। इसकी सूचना पाकर प्रधान वहां पहुंची और उन लोगों को मना किया। इस पर तीनों आरोपितों ने महिला प्रधान से मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं लोड तमंचा महिला प्रधान व उनके बच्चों पर तान दिया। इस बीच गांव के अन्य लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब जाकर महिला प्रधान को बचाया जा सका। लोगों ने तीनों आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया है। महिला प्रधान का कहना है कि उक्त तीनों आरोपितों ने उन्हें और उनके परिवार वालों को देख लेने की धमकी दी है। पीड़ित महिला प्रधान ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है। शहर कोतवाल राजकुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिल गई है, आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

chat bot
आपका साथी