नगर विकास में प्रमुख सचिव की नियुक्ति के साथ यूपी में तबादले शुरू

सत्ता संभालने के छठवें दिन मुख्यमंत्री ने तीन साल से रिक्त चल रहे प्रमुख सचिव नगर विकास के पद पर वरिष्ठ आइएएस कुमार कमलेश को तैनात दी है।

By Ashish MishraEdited By: Publish:Sat, 25 Mar 2017 08:12 PM (IST) Updated:Sat, 25 Mar 2017 08:16 PM (IST)
नगर विकास में प्रमुख सचिव की नियुक्ति के साथ यूपी में तबादले शुरू
नगर विकास में प्रमुख सचिव की नियुक्ति के साथ यूपी में तबादले शुरू

लखनऊ (जेएनएन)।  नौकरशाहों के कामकाज में भी फेरबदल शुरू हो गया है। सत्ता संभालने के छठवें दिन मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने तीन साल से रिक्त चल रहे प्रमुख सचिव नगर विकास के पद पर वरिष्ठ आइएएस कुमार कमलेश को तैनात किया है। दो अन्य आइएएस अफसरों के दायित्व में भी बदलाव किया गया है।
तत्कालीन सपा सरकार में नगर विकास विभाग के मंत्री आजम खां थे। खां ने लगभग तीन वर्ष पहले प्रमुख सचिव नगर विकास के पद से सीबी पालीवाल के हटने के बाद से कोई भी प्रमुख सचिव अपने विभाग में नहीं रखा। आजम के करीबी माने जाने वाले आइएएस श्रीप्रकाश सिंह ही बतौर सचिव विभाग का काम देख रहे थे। सिंह की आजम से करीबी का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि आइएएस से सेवानिवृत होने के बाद भी उन्हें अब तक पद पर बनाए रखा गया है।


सपा के सत्ता से बेदखल होने और भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही माना जा रहा था कि नगर विकास विभाग का दायित्व किसी वरिष्ठ आइएएस को सौंपा जाएगा। योगी सरकार ने शनिवार को नौकरशाही में बदलाव का पहला फैसला नगर विकास विभाग में प्रमुख सचिव की तैनाती से किया है।


प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन, होमगाड्र्स तथा उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय का ओहदा संभाल रहे कुमार कमलेश को वर्तमान पद के साथ प्रमुख सचिव नगर विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग का प्रमुख सचिव भी नियुक्त किया गया है। निदेशक महिला कल्याण भवानी सिंह खंगारौत को अपर आयुक्त मनरेगा बनाया गया है और विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा, प्रबंध निदेशक महिला कल्याण निगम एवं महिला कल्याण विभाग का कार्य देख रहे राम केवल को विशेष सचिव कृषि उत्पादन शाखा के पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है।

मगर विशेष सचिव महिला कल्याण, प्रबंध निदेशक महिला कल्याण निगम के साथ उन्हें निदेशक महिला कल्याण का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। एनएचएम के मिशन निदेशक आलोक कुमार तृतीय को वर्तमान पद के साथ आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वह दोनों पदों पर कार्य करेंगे।

हेमंत हापुड़ के एसपी
प्रदेश सरकार ने नौंवी बटालियन पीएसी के सेनानायक हिमांशु कुटियाल को हापुड़ का एसपी बनाया है। यहां की एसपी रही अंलकृता सिंह केंद्र की सेवा के लिए कार्यमुक्त हो गई हैं।  

chat bot
आपका साथी