वैक्सीन नहीं लगवाने पर यूपी के मंत्री ब्रजेश पाठक का अखिलेश यादव पर तंज, डिंपल यादव को दी यह सलाह

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान का एक वर्ष पूरा होने पर उत्तर प्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने देश और प्रदेश में हुए टीकाकरण के आंकड़े रखे। देश में 156 करोड़ वैक्सीन डोज को दुनिया में रिकार्ड बताया।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 17 Jan 2022 12:06 AM (IST) Updated:Mon, 17 Jan 2022 08:14 AM (IST)
वैक्सीन नहीं लगवाने पर यूपी के मंत्री ब्रजेश पाठक का अखिलेश यादव पर तंज, डिंपल यादव को दी यह सलाह
कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने देश और प्रदेश में हुए टीकाकरण के आंकड़े रखे।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान का एक वर्ष पूरा होने पर उत्तर प्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने देश और प्रदेश में हुए टीकाकरण के आंकड़े रखे। देश में 156 करोड़ वैक्सीन डोज को दुनिया में रिकार्ड बताया। साथ ही सपा मुखिया अखिलेश यादव पर चुटकी भी ली। कहा कि अखिलेश वैक्सीन नहीं लगवा रहे और कोविड प्रोटोकाल भी तोड़ रहे हैं। उनकी पत्नी डिंपल यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बात मानकर टीका लगवा लिया। वह अखिलेश को भी समझा दें तो अच्छा रहेगा।

भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में रविवार को यूपी सरकार के मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश में कोरोनारोधी टीकाकरण के महाअभियान को एक वर्ष पूरा हो गया। अब तक 156 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। लगभग 66 करोड़ लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। 91 करोड़ लोगों को पहली डोज लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। हर दिन औसतन 43 लाख डोज लगाई गईं। प्रदेश में अब तक 22 करोड़ 91 लाख टीके लगाए जा चुके हैं। इसमें 13 करोड़ 63 लाख लोगों को पहली डोज दी जा चुकी है।

यूपी सरकार के मंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसने के साथ ही बोले कि अब तो 15-18 वर्ष के बच्चों को भी वैक्सीन लगने लगी है। जनता भी वैक्सीन लगवाने के लिए वैक्सीनेशन सेंटर पर जा रही है। सभी से टीका लगवाने का आग्रह करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले डेढ़ वर्ष से नियमित कोविड की स्थिति की समीक्षा करते आ रहे हैं। लगातार जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के लिए जनता भाड़ में जाए उन्हें तो सिर्फ चुनाव लड़ना है। वैक्सीनेशन का कार्यक्रम देश में शुरू होने पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा की वैक्सीन है जिसे वह नहीं लगवाएंगे जबकि उनके पिता मुलायम सिंह और पत्नी डिपंल ने वैक्सीन लगवा लिया। चुनाव में जिस तरह से लोगों से वह मिल रहे हैं उससे कोविड के प्रसार को बल मिलता है। मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव यदि सरकारी अस्पताल में नहीं जा सकते हैं तो किसी निजी अस्पताल में जाएं लेकिन वैक्सीन जरूर लगवा लें। कोरोना महामारी चुनाव से अधिक महत्वपूर्ण है।

chat bot
आपका साथी