काली टोपी वाले संघियों को जवाब देगा सेवादल : राजबब्बर

काली टोपी पहनने वाले संघियों (राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ कार्यकर्ता) के काले कारनामों को जनता के बीच ले जाने और मजबूती से जवाब देने का काम सेवादल के श्वेत वस्त्रधारी कार्यकर्ता करेंगे।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Wed, 18 Jul 2018 09:50 PM (IST) Updated:Thu, 19 Jul 2018 12:47 PM (IST)
काली टोपी वाले संघियों को जवाब देगा सेवादल : राजबब्बर
काली टोपी वाले संघियों को जवाब देगा सेवादल : राजबब्बर

लखनऊ (जेएनएन)। काली टोपी पहनने वाले संघियों (राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ कार्यकर्ता) के काले कारनामों को जनता के बीच ले जाने और मजबूती से जवाब देने का काम सेवादल के श्वेत वस्त्रधारी कार्यकर्ता करेंगे। बुधवार को यह बात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने सेवादल कार्यकारिणी की बैठक का उद्घाटन करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सही मायने में सेवादल की कांग्रेस की पहचान है और जब-जब यह संगठन कमजोर हुआ है तब-तब पार्टी कमजोर हुई है।

लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा जिला व शहर इकाइयों के संगठक भी मौजूद थे। राजबब्बर ने कहा कि सत्ता में बैठे बहुरूपियों के मुकाबले एकमात्र सेवादल ही ऐसा संगठन है जो उनको मुंहतोड़ जवाब देगा। इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक लालजी देसाई ने सेवादल के पुनर्गठन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के निर्देश पर सेवादल में व्यापक बदलाव किया जा रहा है। निष्क्रिय इकाइयों एवं पदाधिकारियों के स्थान पर सक्रिय लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सेवादल प्रशिक्षण शिविरों की शृंखला से स्वयंसेवकों को तैयार किया जाएगा। नौ अगस्त को वाराणसी में भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर बड़ा कार्यक्रम होगा। बैठक की अध्यक्षता व संचालन करते हुए प्रांतीय मुख्य संगठक प्रमोद पांडेय ने कहा कि श्वेत वस्त्र व सिर पर सफेद टोपी पहनकर सेवादल स्वयंसेवक राष्ट्र निर्माण अभियान में जुटेगा और कांग्रेस की नीतियों को प्रचारित करेगा। उन्होने कहा कि जिला-शहर इकाइयों के कार्य की समीक्षा के बाद जरूरी फेरबदल भी किया जाएगा। दस वर्ष से एक पद पर बने पदाधिकारियों को बदला जाएगा। जिलों में प्रत्येक माह अंतिम रविवार को ध्वज वंदन कार्यक्रम गंभीरता से आयोजित किए जाएंगे। बैठक में विधायक आराधना मिश्रा मोना, प्रदेश प्रभारी अमरजीत सिंह राजनारायण यादव, सुनील श्रीवास्तव, प्रताप नारायण मिश्र, करुणेश राठौर, राजेश काली, अमरेश यादव, प्रभाकर मिश्र, शर्मानंद व ब्रजेश वर्मा भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी