प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, भाजपा का लक्ष्य गरीबों का कल्याण

राज्यसभा और कांग्रेस व सपा से इस्तीफा देकर आए डॉ. संजय सिंह संजय सेठ व सुरेंद्र नागर तथा पूर्व मंत्री डॉ. अमीता सिंह का भाजपा मुख्यालय में स्वागत किया गया।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 18 Aug 2019 07:35 PM (IST) Updated:Sun, 18 Aug 2019 07:37 PM (IST)
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, भाजपा का लक्ष्य गरीबों का कल्याण
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, भाजपा का लक्ष्य गरीबों का कल्याण

लखनऊ, जेएनएन। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सकारात्मक राजनीति की ठंडी बयार चल रही है। राजनीति व्यापार नहीं, एक मिशन है और भाजपा मिशन के लिए काम करती है। भाजपा का लक्ष्य गरीबों का कल्याण और देश का सम्मान है।

राज्यसभा और कांग्रेस व सपा से इस्तीफा देकर आए डॉ. संजय सिंह, संजय सेठ व सुरेंद्र नागर तथा पूर्व मंत्री डॉ. अमीता सिंह के स्वागत समारोह को स्वतंत्र देव रविवार को भाजपा मुख्यालय में संबोधित कर रहे थे। संचालन कर रहे भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने इन सभी नेताओं की राजनीतिक यात्रा की चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष ने इन नेताओं को भाजपा का पटका पहनाया।

स्वतंत्र देव सिंह ने स्वागत करते हुए कहा कि इनके भाजपा में आने से पार्टी मजबूत होगी और प्रतिष्ठा बढ़ेगी। भाजपा सरकार में मंत्री रहीं अमीता सिंह थोड़े दिनों के लिए इधर-उधर हो गई थीं, लेकिन अब भाजपा को मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अन्य दलों से अलग है और इस दल के नेताओं की अलग सोच है। मोदी, अमित शाह और योगी के कठोर परिश्रम से हर दिन नए रिकार्ड बन रहे हैं। मोदी-शाह ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 का कलंक समाप्त किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने नीरज शेखर, संजय सिंह, संजय सेठ और सुरेंद्र नागर को सक्रिय सदस्यता के लिए सदस्यता बही भी प्रदान की। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, प्रदेश प्रवक्ता डा. चंद्रमोहन, अशोक पांडेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह प्रभारी आलोक अवस्थी, संपर्क प्रमुख तरुणकांत त्रिपाठी व राकेश त्रिपाठी समेत कई नेताओं ने स्वागत किया।

भाजपा में शामिल हुए सैकड़ों नेता

पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय सिंह और उनकी पत्नी डॉ. अमीता सिंह के समर्थक सर्वाधिक संख्या में आए थे। अमेठी के कई प्रधान, प्रमुख कार्यकर्ता और पूर्व पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। संजय सेठ और सुरेंद्र नागर के समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए। 

chat bot
आपका साथी