सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- किसानों अन्नदाता, उसके सम्मान से ही देश होगा आत्मनिर्भर

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का झूठे आश्वासन से कृृषि कानूनों की आड़ में उनकी जमीन हड़पने का जो षड्यंत्र है उसे खेती किसानी करने वाले अच्छे से समझते हैं। किसानों का असंतोष आक्रोश बनकर फूट पड़ा है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 02 Dec 2020 06:43 PM (IST) Updated:Wed, 02 Dec 2020 06:43 PM (IST)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- किसानों अन्नदाता, उसके सम्मान से ही देश होगा आत्मनिर्भर
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की आवाज सुनने के बजाय कुचलने की कोई भी क्रिया आत्मघाती होगी।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की आवाज सुनने के बजाय उसे कुचलने की कोई भी क्रिया आत्मघाती होगी। किसान अन्नदाता है उसका सम्मान होगा तभी देश आत्मनिर्भर होगा। किसानों की आय दोगुनी करने का झूठे आश्वासन से कृृषि कानूनों की आड़ में उनकी जमीन हड़पने का जो षड्यंत्र है, उसे खेती किसानी करने वाले अच्छे से समझते हैं। किसानों का असंतोष आक्रोश बनकर फूट पड़ा है। समाजवादी पार्टी किसानों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। लोकतंत्र में किसानों के साथ अलोकतांत्रिक व्यवहार क्यों किया जा रहा है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार का कार्यकाल एक वर्ष भी नहीं बचा है। जैसे-जैसे चुनाव की घड़ी नजदीक आ रही है, मुख्यमंत्री प्रदेश छोड़कर गगनचारी बन गए हैं। कभी हैदराबाद, कभी मुंबई, कभी पश्चिम बंगाल तो कभी बिहार में रहते हैं। प्रदेश में सरकारी दायित्वों के निर्वहन से मुंह मोड़कर दूसरे राज्यों के दौरों की सक्रियता जताती है कि भाजपा से जनता के मोहभंग से मुख्यमंत्री परिचित हो गए हैं। भारतीय लोकतंत्र के साथ इस तरह की स्थिति शायद ही पहले हुई हो जिसमें जबानी जमा खर्च से कार्यव्यापार चलाया गया हो।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि न अपना कोई काम और न ही किसानों के साथ न्याय फिर भी सरकारी दावेदारी कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। सबका साथ और सबका विश्वास पाने के लिए लाठी-गोली, आंसू गैस और पानी की बौछार का तोहफा दिया जा रहा है। लंबे चौड़े वादों से लोगों को बहकाने की साजिशें हो रही हैं। भाजपा के कुशासन से अन्नदाता बर्बाद है। भाजपा राज में किसानों को राहत के ये नए फार्मूले है।

chat bot
आपका साथी