भाजपा सम्मेलनः सपा, बसपा और कांग्रेस को जनता ने नकारा : केशव

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस की तिकड़ी ने हमेशा जनहित की अनदेखी की और जनता को धोखा दिया है।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Fri, 14 Sep 2018 08:41 PM (IST) Updated:Fri, 14 Sep 2018 11:38 PM (IST)
भाजपा सम्मेलनः सपा, बसपा और कांग्रेस को जनता ने नकारा : केशव
भाजपा सम्मेलनः सपा, बसपा और कांग्रेस को जनता ने नकारा : केशव

लखनऊ (जेएनएन)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस की तिकड़ी ने हमेशा जनहित की अनदेखी की और जनता को धोखा दिया है। यह तिकड़ी हमेशा कुछ का साथ-कुछ का विकास करती रही है। परिवारवाद की पोषक जनता की दुश्मन इस तिकड़ी की पोल खुल चुकी है। इसीलिए जनता ने इस तिकड़ी को नकार दिया है। 

चौरसिया समाज के प्रतिनिधि 

शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री पीडब्लूडी के विश्वेश्वरैया सभागार में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा आयोजित सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में प्रदेश के सभी जिलों से चौरसिया समाज के दस-दस प्रमुख प्रतिनिधि आमंत्रित किये गए थे। पिछले माह से ही लगातार सामाजिक सम्मेलनों की अगुवाई कर रहे केशव मौर्य ने प्रतिनिधियों को उनके गौरवमयी इतिहास से परिचित कराते हुए ऊर्जित किया और कहा कि कोई भी कार्यकर्ता अपने को उप मुख्यमंत्री से कम न समझे। नरेंद्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने के आह्वान के साथ उन्होंने भरोसा दिया कि चौरसिया समाज के सम्मान और स्वाभिमान के लिए वह हमेशा तत्पर हैं।

भाजपा की संघर्ष यात्रा की चर्चा करते हुए केशव ने कहा कि मात्र दो सांसदों से सियासी सफर करने वाली यह पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। कहा, यह भाजपा में ही संभव है कि एक सामान्य कार्यकर्ता को पार्टी अध्यक्ष और प्रधानमंत्री बनाया जा सकता है। केशव ने कहा कि विपक्ष एक साथ लोकतंत्र बचाने की छद्म दुहाई देकर मोदी विरोधी एजेंडे को लगातार हवा दे रहे हैं। केशव ने मोदी सरकार की सराहना करते हुए दावा किया कि गरीब के हक में जारी एक-एक पैसे का अब सदुपयोग हो रहा है। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रामेश्वर चौरसिया, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री चिरंजीव चौरसिया, वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बाबूराम निषाद, ऋषि चौरसिया, सुरेंद्र चौरसिया, सुशील चौरसिया समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे। 

chat bot
आपका साथी