राम की अगवानी पर भावुक योगी बोले, पूरा होगा अयोध्या के लोगों का सपना

अयोध्या के साकेत महाविद्यालय से श्री राम की शोभा यात्रा शुरू हो चुकी है। शोभा यात्रा का समापन मुख्य मार्गों से होते रामकथा पार्क में होगा।

By Ashish MishraEdited By: Publish:Wed, 18 Oct 2017 02:14 PM (IST) Updated:Thu, 19 Oct 2017 04:52 PM (IST)
राम की अगवानी पर भावुक योगी बोले, पूरा होगा अयोध्या के लोगों का सपना
राम की अगवानी पर भावुक योगी बोले, पूरा होगा अयोध्या के लोगों का सपना

फैजाबाद (जेएनएन)। अयोध्या में आज त्रेता युग को जीवंत कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुनि वशिष्ठ के रूप में पुष्पक विमान सरीखे सजाए हेलीकॉप्टर से उतरकर अयोध्या की धरती पर कदम रखने वाले भगवान राम की अगवानी की। आज अयोध्या निहाल हो रही थी। आसमान से हो रही पुष्पवर्षा, अनवरत शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच अमावस्या की पूर्व संध्या पर प्रतीक रूप में भगवान राम की अगवानी पर भावुक योगी ने कहा कि अयोध्या के लोगों का सपना पूरा होगा। उनकी भावनाओं का एक-एक करके सम्मान हो रहा है। 

पूरी अयोध्या बुधवार सुबह से ही राम के राज्याभिषेक की तैयारियों में जुटी हुई थी। सड़कों पर रंगोली बनाती महिलाएं, तोरण द्वार सजाते पुरुष और दीपक जलाने की तैयारियों में जुटे परिवार। साकेत महाविद्यालय से राम के जीवन प्रसंग पर निकली झांकियों में मानों पूरा देश ही सिमट आया। हरियाणा के लोक नर्तक थे तो मध्य प्रदेश के भी कलाकार सड़कों पर नाचते-गाते दिखायी पड़े।

उधर राम कथा पार्क पर जुटे हुजूम की निगाहें आसमान की ओर उठ जाती थी। साढ़े चार बजे हेलीकॉप्टर से नगरवासियों पर फूल बरसाए जाने के बाद जैसे ही भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान को मुख्यमंत्री मंच पर लाए, जय श्री राम के नारों से आकाश गूंज उठा। अपने आराध्य को देख सैकड़ों आंखें नम थीं और हाथ श्रद्धा से जुड़े हुए थे। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के रास्ते राम राज्य लाना चाहती है और अयोध्या इसका मानक बनेगी।

उन्होंने पूर्व सरकारों पर निशाना भी साधा और कहा कि भगवान राम आसुरी शक्तियों का विनाश करने के बाद ही रामराज्य लाये थे और यहां भी परिवारवाद, जातिवाद और संप्रदायवाद जैसी आसुरी शक्तियों का नाश हो चुका है। आसुरी शक्तियां बिजली देने में भेदभाव करती थीं। विकास में भेदभाव करती थीं। 

सरयू का किनारा, सरकार और संतों की त्रिवेणी देख लोगों के बीच से मंदिर को लेकर आवाजें भी उठती रहीं, हालांकि योगी ने अयोध्या को विकास से ही जोड़े रखा। 133 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास करने के साथ ही उन्होंने कहा राम की यह नगरी पूरी दुनिया को मानवता का संदेश देती है लेकिन यहां की नकारात्मक तस्वीर ही प्रस्तुत की जाती रही। आज से अयोध्या को नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर ले जाने का अभियान शुरू हुआ है।यह अभियान चार चरणों तक चलेगा।

सरकार सभी धार्मिक नगरों और पुरातात्विक स्थलों को विकास से जोड़कर उत्तर प्रदेश को पर्यटन का सबसे बड़ा हब बनाएगी। साथ ही सुझाव भी दिया कि अगले साल से रामायण मेला को इस कार्यक्रम से जोड़ दिया जाए, जहां दुनिया के कई देशों की राम लीला हो। इससे पहले राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि राम का चरित्र लोगों को मर्यादा की प्रेरणा देता है।   

#Deepotsav #शुभदीपावली pic.twitter.com/vvBsqDaMMg

— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) October 18, 2017

सायंकाल सरयू की धारा पौराणिक आख्यानों के आधुनिकता से संगम की भी साक्षी बनी। लेजर शो के जरिए राम के प्रसंग उभरे और फिर आसमान में आतिशबाजी की चकाचौंध में राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी ने सरयू के तट पर 21-21 दिए जलाकर आरती को नदियों की संस्कृति बचाने के अभियान से जोड़ा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री महेश शर्मा, केजे अलफांसों, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, पर्यटन मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी ने भी विचार रखे।योगी रात में राम कथा पार्क में हुई इंडोनेशियाई कलाकारों की राम लीला में भी शामिल हुए।  

#WATCH: Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath arrives in #Ayodhya, will take part in #Diwali celebrations. Governor Ram Naik also present pic.twitter.com/7gBk9vHfo6— ANI UP (@ANINewsUP) October 18, 2017

chat bot
आपका साथी