समाजवादी सेक्युलर मोर्चा की सेंधमारी से सपा में हलचल, शिवपाल को सिक्कों से तौला

लखनऊ के गौरी गांव में आज समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव समर्थकों से नए संगठन को मजबूती देने का आह्वान किया।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Sun, 30 Sep 2018 07:27 PM (IST) Updated:Mon, 01 Oct 2018 07:19 AM (IST)
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा की सेंधमारी से सपा में हलचल, शिवपाल को सिक्कों से तौला
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा की सेंधमारी से सपा में हलचल, शिवपाल को सिक्कों से तौला

लखनऊ(जेएनएन)। चुनाव आयोग में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का रजिस्ट्रेशन कराने के बाद शिवपाल सिंह यादव प्रदेश में सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी में जुट गए हैं। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव के दांव से जिले-जिले सपाइयों में खासी हलचल मची है। लखनऊ के गौरी गांव में आज उन्होंने समर्थकों से नए संगठन को मजबूती देने का आह्वान किया। कानपुर में भी कार्यकर्ताओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। दोनों जगह शिवपाल यादव को चांदी का मुकुट भेंट किया गया। लखनऊ में सिक्कों से तौला चांदी का मुकुट, गदा और पार्टी फंड में धनराशि भेंट की गई। फर्रुखाबाद में शिवपाल सिंह ने सपा ब्लाक प्रमुख के पति जितेंद्र यादव को मोर्चे का जिलाध्यक्ष व खांटी समाजवादी नेता वारिस अली उर्फ मिन्ना खां को महानगर अध्यक्ष घोषित कर दिया है। इससे इस जिले में भी राजनीतिक सरगर्मी बनी रही। सूचना मिलते परकई वरिष्ठ सपा नेता मिन्ना खां का स्वागत करने पहुंच गए। 

भाजपा से हमेशा लड़ते रहेंगे

कानपुर के गोविंदनगर शिवपाल ने मोर्चा कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर कहा है कि भाजपा से हमेशा लड़ते आए हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। यदि कोई गठबंधन करना चाहता है तो तैयार हैं लेकिन उन्हें उनका शेयर चाहिए। लोकसभा चुनाव में सभी सीटों से प्रत्याशियों को मैदान में उतारेंगे। लखनऊ में एप्पल सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या पर शोक जताते हुए कहा कि यूपी पुलिस बेलगाम हो चुकी है और भष्टाचार बढ़ गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पीडि़त परिवार को एक करोड़ का मुआवजा दिया जाए। कार्यक्रम में संयोजक विश्व क्षत्रिय परिषद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष प्रिया सिंह ने उनका चांदी का मुकुट और माला पहनाकर स्वागत किया। 

समाजवादी पार्टी को आईना दिखाना जरूरी 

शिवपाल सिंह यादव ने आज लखनऊ के गौरी गांव में समाजवादी सेक्युलर मोर्चा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा कि मोर्चा से जुड़े कार्यकर्ता सपा को आईना दिखाने का काम करेंगे। समाजवादी पार्टी में लंबे समय से लगातार उपेक्षा की जा रही थी। उनका प्रयास होगा कि सेक्यूलर मोर्चा से ऐसे लोगों को जोड़ें जिनका समाजवादी पार्टी में सम्मान नहीं हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ पर जाएं, जिले में जाएं। इस नए संगठन को मजबूती दें। मण्डल प्रभारी रामसिंह यादव ने शिवपाल यादव को सिक्कों से तौला और चांदी का मुकुट, गदा और नकद धनराशि भेंट की। स्वागत समारोह में पूर्व सदस्य राज्य महिला आयोग अर्चना सिंह राठौर समेत सैकड़ों लोगों ने समाजवादी पार्टी का दामन छोड़ कर सेक्यूलर मोर्चा का दामन थामा।

मिन्ना खां फर्रुखाबाद नगर अध्यक्ष घोषित

फर्रुखाबाद के नवाबगंज ब्लाक प्रमुख अनीता रंजन के पति जितेंद्र सिंह यादव को सेक्युलर मोर्चा का जिलाध्यक्ष व सपा के वरिष्ठ नेता मिन्ना खां को महानगर अध्यक्ष घोषित किया गया है। पूर्व सपा जिलाध्यक्ष विश्वास गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष चांद मोहम्मद खां, पूर्व जिला सपा महासचिव व सभासद असलम शेर खां, सभासद के पति हसीन खां, अल्पसंख्यक सभा के महानगर अध्यक्ष समीर मिर्जा, मोहन सिंह आदि सपा नेता मिन्ना खां के घर पहुंचे और उन्हें बधाई दी। इसकी भनक लगते ही पार्टी में खासी हलचल मच गयी। नेतृत्व की ओर से जिम्मेदारी दी गई है तो उसका निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि मोर्चा के प्रमुख के निर्देशों का पालन किया जाएगा। सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी ने बताया कि मोर्चा पदाधिकारी के स्वागत में कौन लोग गए, इसकी जानकारी की जाएगी। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी