पुलिस ने सैकड़ों कछुओं के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

इटावा से तस्करी कर विभिन्न देशों को करते थे सप्लाई। बंथरा से मोहनलालगंज को जाने वाली रोड से दबोचा।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 17 Nov 2018 08:48 AM (IST) Updated:Sat, 17 Nov 2018 03:33 PM (IST)
पुलिस ने सैकड़ों कछुओं के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने सैकड़ों कछुओं के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

लखनऊ, जेएनएन। एसटीएफ ने वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो भारत सरकार की पहल पर कछुआ तस्करी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के पास से 1583 कछुए बरामद किए गए। सीओ एसटीएफ सत्यसेन यादव के मुताबिक देश में पाई जाने वाली कछुओं की 29 प्रजातियों में 15 प्रदेश में पाई जाती हैं। तस्कर इनमें से 11 प्रजातियों का अवैध व्यापार करते हैं।

सीओ ने बताया कि तस्करी का अवैध कारोबार शक्तिवर्धक दवा के लिए किया जाता है। यमुना, चंबल, गंगा, गोमती, घाघरा, गंडक व अन्य नदियों और सहायक नदियों, तालाबों में कछुए पाए जाते हैं। एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि इटावा से बड़े स्तर पर कछुओं की तस्करी हो रही है। पश्चिम बंगाल के व्यापारियों से संपर्क कर तस्कर यह माल बांग्लादेश और म्यांमार के रास्ते चीन, हांगकांग और मलेशिया समेत अन्य देशों को भेजते हैं। तस्कर लखनऊ के रास्ते ट्रक में कछुआ लादकर पश्चिम बंगाल जाने की फिराक में थे।

एसटीएफ ने वन विभाग लखनऊ की टीम को साथ बंथरा के पास से मोहनलालगंज को जाने वाली रोड से दो आरोपितों नया गोपालगंज थाना बनगांव जिला चौबीस परगना नार्थ पश्चिम बंगाल निवासी सुशांतो सरकार और मेवाती टोला कोतवाली जिला इटावा निवासी सैफ अली को दबोच लिया। इस दौरान तीन अन्य तस्कर देवेंद्र, किशन और सोनू भाग निकले। इस मामले में सामाजिक वानिकी प्रभाग, लखनऊ वन रेंज में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत एफआइआर दर्ज की गई है। आरोपितों के पास से 1437 जीवित और 146 मृत कछुए, ट्रक, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए।

chat bot
आपका साथी