यूपी में एमएसपी पर धान खरीद आज से शुरू, 4000 क्रय केंद्रों के माध्यम से 70 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य

Paddy Purchase on MSP उत्तर प्रदेश के आठ मंडलों में किसानों से धान खरीद पहली अक्टूबर से शुरू हो रही है। इस वर्ष प्रदेश के 73 जिलों में 4000 क्रय केंद्रों के माध्यम से 70 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य प्रस्तावित है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sat, 01 Oct 2022 06:00 AM (IST) Updated:Sat, 01 Oct 2022 06:00 AM (IST)
यूपी में एमएसपी पर धान खरीद आज से शुरू, 4000 क्रय केंद्रों के माध्यम से 70 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य
UP News: यूपी में धान खरीद आठ मंडलों में शनिवार और बाकी क्षेत्र में पहली नवंबर से होगी शुरू।

UP News: लखनऊ, राज्य ब्यूरो। खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में मूल्य समर्थन योजना के तहत उत्तर प्रदेश के आठ मंडलों में किसानों से धान खरीद (Paddy Purchase) पहली अक्टूबर से शुरू होगी। केंद्र सरकार ने वर्ष 2022-23 में धान की सामान्य श्रेणी के लिए 2040 रुपये और ग्रेड-ए के लिए 2060 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तय किया है। खाद्य एवं रसद विभाग ने धान खरीद के लिए आठों मंडलों के आयुक्तों और संबंधित जिलाधिकारियों को शासनादेश जारी कर दिया है।

धान खरीद नीति अब तक जारी नहीं

धान खरीद भले ही शनिवार से शुरू होने जा रही हो लेकिन, इस साल की धान खरीद नीति अब तक जारी नहीं हो पाई है। बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ व झांसी मंडलों तथा लखनऊ मंडल के हरदोई, लखीमपुर खीरी व सीतापुर जिलों में धान खरीद शनिवार से शुरू होगी। कानपुर, चित्रकूट, अयोध्या, देवीपाटन, बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर व प्रयागराज मंडलों तथा लखनऊ मंडल के लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव जिलों में धान खरीद एक नवंबर से शुरू होगी। महोबा और ललितपुर जिलों को छोड़कर इस वर्ष प्रदेश के 73 जिलों में 4,000 क्रय केंद्रों के माध्यम से 70 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य प्रस्तावित है। इन दो जिलों में धान की पैदावार नहीं होती।

85 हजार से अधिक किसान करा चुके पंजीकरण

क्रय केंद्रों पर धान की बिक्री के लिए कृषक को खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। शुक्रवार दोपहर तक 85,837 किसान धान बेचने के लिए पंजीकरण करा चुके थे। धान खरीद किसानों के बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ई-पाश मशीन के जरिये की जाएगी। किसानों को पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से 72 घंटे में धनराशि का भुगतान उनके आधार लिंक बैंक खाते में कर दिया जाएगा।

ये एजेंसियां करेंगी धान खरीद

खाद्य विभाग की विपणन शाखा, उप्र कोआपरेटिव फेडरेशन, उप्र कोआपरेटिव यूनियन, उप्र उपभोक्ता सहकारी संघ, उप्र राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद और भारतीय खाद्य निगम की ओर से स्थापित क्रय केंद्रों पर धान खरीद की जाएगी। सभी क्रय केंद्रों की रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर द्वारा जियो टैगिंग की जाएगी।

chat bot
आपका साथी