हज यात्रियों का पहला जत्था नौ सितम्बर को रवाना होगा

-प्रतीक्षा सूची के 560 और आवेदक हज के लिए चयनितजागरण ब्यूरो, लखनऊ : हज-2013 के लिए प्रदे

By Edited By: Publish:Wed, 28 Aug 2013 09:45 AM (IST) Updated:Wed, 28 Aug 2013 09:45 AM (IST)
हज यात्रियों का पहला जत्था नौ सितम्बर को रवाना होगा

जागरण ब्यूरो, लखनऊ : हज-2013 के लिए प्रदेश की प्रतीक्षा सूची की संख्या 900 से 1459 तक के 560 प्रतिक्षारत आवेदकों का भी चयन हो गया है। प्रतीक्षा सूची से 899 हज यात्रियों का पहले चयन हो चुका है यानी बचे हुए 1183 प्रतीक्षारत हज यात्रियों के चयन के लिए भी प्रयास किया जा रहा है। यह जानकारी अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एवं राज्य हज समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आज़म खाँ ने दी। उन्होंने बताया कि हज यात्रियों का पहला जत्था नौ सितम्बर को रवाना होगा।

नव चयनित हज यात्रियों से कहा गया है कि वे धनराशि जमा करते हुए अपनी सभी औपचारिकताएं 31 अगस्त तक पूरी कर उसके दस्तावेज राज्य हज समिति के कार्यालय में जमा कर दें। ऐसा न करने वाले चयनित हज यात्रियों की सीटें हज कमेटी ऑफ इण्डिया द्वारा बिना किसी सूचना के निरस्त कर दी जाएंगी। आजम खां की ओर से जारी बयान में सरकारी प्रवक्ता ने कहा है कि इन चयनित हज यात्रियों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी गयी है।

राज्य हज समिति के अध्यक्ष ने बताया कि लखनऊ व दिल्ली से हज यात्रियों की उड़ान का सिलसिला नौ सितम्बर से व वाराणसी से सात सितम्बर से शुरू होगा। लखनऊ से उड़ानों का सिलसिला 25 सितम्बर तक, दिल्ली 24 सितम्बर तक व वाराणसी से 22 सितम्बर तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ से 38, दिल्ली से 50 और वाराणसी से 17 उड़ानें प्रदेश के हज यात्रियों को लेकर सऊदी अरब रवाना होंगी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी