Monsoon in UP : बारिश ने बदला लखनऊ का मौसम, चटख धूप व उमस से मिली राहत

Monsoon in UP लखनऊ सहित दस जिलों में अब तक 60 से 80 फीसद ही बारिश।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Tue, 14 Jul 2020 09:24 AM (IST) Updated:Tue, 14 Jul 2020 09:24 AM (IST)
Monsoon in UP : बारिश ने बदला लखनऊ का मौसम, चटख धूप व उमस से मिली राहत
Monsoon in UP : बारिश ने बदला लखनऊ का मौसम, चटख धूप व उमस से मिली राहत

लखनऊ, जेएनएन। Monsoon in UP: उत्तर प्रदेश में मौसम बार-बार करवट बदल रहा है। राजधानी लखनऊ में सोमवार को सुबह से निकली चटख धूप से मौसम गर्म हो गया। वहीं, देर रात झमाझम हुई बारिश ने मंगलवार की सुबह को सुहाना बना दिया। वहीं, रविवार को देर रात कुछ बौछारें पड़ी थीं। चटख धूप व उमस के कारण लोग बेहाल हो रहे थे। फिलहाल इससे राहत मिलती दिखाई दी है। वहीं, गोंडा में भोर में हुई बूंदाबांदी के बाद आसमान में बादल छाए हैं। अभी यहां बारिश नहीं हो रही है। बारिश न होने के कारण उमस बरकरार है।

बाराबंकी, सीतापुर, बहराइच में हल्के बादल छाए हैं, लेकिन कहीं बारिश नहीं हुई। उधर, लखीमपुर में मौसम पूरी तरह से सामान्य दिखा। सुल्तानपुर में सोमवार की देर रात से आसमान में बादल छाए रहे। मंगलवार की सुबह भी बदली छाई रही। जिले में कुछ स्थानों पर भोर में बरसात भी हुई। वहीं हवाएं चलने से मौसम सुहाना बना रहा। रायबरेली में सोमवार देर रात में रिमझिम फुहार के बाद मंगलवार को तेज धूप निकलने की वजह से उमस बढ़ गई। तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। गंगा का जलस्तर भी 97.65 सेंटीमीटर दर्ज किया गया। केंद्रीय जल आयोग के कर्मियों ने बताया कि जल स्तर में प्रतिघंटा 2 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की जा रही है।

उधर, मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच-छह दिन प्रदेश में छिटपुट बारिश के ही आसार हैं। हालांकि, इसके बाद अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है।

एक जून से 12 जुलाई के बीच राजधानी में सामान्य 201 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले 153.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य के मुकाबले 76.3 फीसद ही है। वहीं बीते वर्ष इस दरमियान 253.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। साफ है कि इस बार राजधानी पर बादलों की मेहरबानी कम रही है। लखनऊ सहित प्रदेश के 10 जिलों में अब तक 60 से 80 फीसद बारिश दर्ज की गई है। यह जिले मुरादाबाद, बिजनौर, ललितपुर, उन्नाव, कासगंज, मैनपुरी, रामपुर, इटावा व हाथरस हैं। इनके अलावा छह जिले ऐसे हैं, जहां 40 फीसद से भी कम बारिश अब तक हुई है, जिनमें अलीगढ़, गाजियाबाद, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, इटावा और गौतमबुद्धनगर हैं। 

chat bot
आपका साथी