मौलाना कल्बे जवाद गिरफ्तार, लखनऊ में धारा 144 लागू

वसीम रिजवी को शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन बनने के बाद से ही सरकार से खफा चल रहे मौलाना कल्बे जव्वाद ने लखनऊ के हजरतगंज में जाम का ऐलान कर दिया। हजरतगंज शाही मस्जिद पर प्रदर्शन के लिए जा रहे मौलाना कल्बे जवाद को गिरफ्तार

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Mon, 27 Jul 2015 02:12 PM (IST) Updated:Mon, 27 Jul 2015 02:58 PM (IST)
मौलाना कल्बे जवाद गिरफ्तार, लखनऊ में धारा 144 लागू

लखनऊ। वसीम रिजवी को उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन बनने के बाद से ही सरकार से खफा चल रहे मौलाना कल्बे जवाद ने आज लखनऊ के हजरतगंज में जाम का ऐलान कर दिया। इसके बाद हजरतगंज शाही मस्जिद पर प्रदर्शन के लिए जा रहे मौलाना कल्बे जवाद को गिरफ्तार कर लिया गया। मौलाना जवाद के साथ कई मौलाना व समर्थकों को पुलिस ने कैसरबाग में उस समय गिरफ्तार किया, जब यह लोग हजरतगंज की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान हजरतगंज में शाही मस्जिद के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया।

मौलाना कल्बे जवाद के कल ऐलान के बाद आज जिला प्रशासन ने लखनऊ में धारा 144 लागू करने के साथ ही शहर की सुरक्षा को और मुस्तैद किया। प्रदेश के अल्पंख्यक कल्याण मंत्री आजम खां के खास माने जाने वाले वसीम रिजवी के शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन चुने जाने के बाद से ही शिया धर्मगुरु कल्बे जव्वाद ने उनका विरोध शुरू कर दिया था। आज मौलाना ने इसके विरोध में लखनऊ के मुख्य बाजार हजरतगंज में धरना प्रदर्शन तथा जाम का ऐलान किया था। शहर में जगह-जगह वसीम रिजवी को हटाने के लिए प्रदर्शन हो रहा था। मौलाना के समर्थक दिन में 11 बजे से ही गिरफ्तारी देने में लगे। दिन में दो बजे तक सैकड़ों महिलाओं के साथ ही मौलाना के समर्थक गिरफ्तारी देने में लगे थे। मौलाना भी इसमें शामिल होने के लिए निकले थे। इसको देखते हुए लखनऊ के शहीद स्मारक के पास बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है।

मौलाना के ऐलान को देखते हुए आज लखनऊ में आधा दर्जन एएसपी, 12 सीओ,18 इंस्पेक्टर, 80 एसआई तैनात,1200 सिपाही, चार कंपनी पीएसी व आरएफ जवान तैनात हैं। इसके साथ ही हजरतगंज और चौक में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है।

मौलाना कल्बे जव्वाद के समर्थकों के प्रदर्शन को लेकर शहर में सुरक्षा सख्त है। जिला प्रशासन का सख्त निर्देश है और धारा-144 का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। मौलाना के शाही मस्जिद आने की खबर पर वहां पर भारी भीड़ जुट गई थी। वहां मौजूद सभी लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर रोडवेज बस से पुलिस लाइन भेज दिया। हजरतगंज की शाही मस्जिद के पास भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। यहां पर वसीम रिजवी के खिलाफ उलेमाï एकत्र हो रहे हैं।

chat bot
आपका साथी