लखनऊ के एक बंद मकान में मिला युवक का शव, दुर्गंध आने पर दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस

लखनऊ के मड़ियांव की प्रियदर्शिनी कॉलोनी का मामला। एलडीए के करीब तीन हजार स्क्वायर फिट के मकान का चल रहा था विवाद। दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Sun, 15 Nov 2020 02:29 PM (IST) Updated:Sun, 15 Nov 2020 02:29 PM (IST)
लखनऊ के एक बंद मकान में मिला युवक का शव, दुर्गंध आने पर दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस
लखनऊ के मड़ियांव की प्रियदर्शिनी कॉलोनी का मामला। करीब तीन हजार स्क्वायर फिट के मकान का चल रहा था विवाद।

लखनऊ, जेएनएन। राजधानी स्थित मड़ियांव की प्रियदर्शिनी कॉलोनी में रविवार सुबह एक बंद मकान में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मकान से दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टर्माटम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही करने की बात कही है। युवक मूल रूप में उत्तराखंड का रहने वाला है। युवक के नाम के बारे में अभी कुछ खास जानकारी नहीं हो सकी है।

दरअसल, प्रियदर्शिनी कॉलोनी स्थित एलडीए के एक मकान से रविवार सुबह भीषण दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर इंस्पेक्टर मड़ियांव विपिन कुमार सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई तो कमरे में 40 वर्षीय युवक का शव चारपाई पर पड़ा था। पुलिस ने मोहल्ले वालों से युवक के संबंध में पूछताछ की तो कोई सही जानकारी नहीं दे सका। लोगों ने बताया कि युवक मूल रूप से उत्तराखंड के पौढ़ी गढ़वाल का रहने वाला है। वह आस पास के लोगों से न तो बातचीत करता था न ही किसी के घर उसका आना जाना था। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक के मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

करीब तीन हजार स्क्वायर फिट के मकान का चल रहा था विवाद

इंस्पेक्टर मड़ियांव ने बताया कि आस पड़ोस के लोगों का कहना है कि युवक का एलडीए से मकान को लेकर विवाद चल रहा था। मकान करीब तीन हजार स्क्वायर फिट का है। वह कभी-कभी ही घर से निकलता था, उसके बाद दरवाजा बंद कर अंदर ही रहता था। इंस्पेक्टर ने बताया कि मकान में तीन कमरे बने हैं। एलडीए का पुराना मकान है।

पौढ़ी गढ़वाल के एक व्यक्ति ने कहा, वह युवक का चाचा, पुलिस कर रही इंतजार

इंस्पेक्टर के मुताबिक पुलिस को युवक के कमरे से एक व्यक्ति का नंबर मिला। पुलिस ने उसपर संपर्क किया तो फोन रिसीव करने वाले ने कहा कि वह युवक का चाचा है। इस पर पुलिस ने कहा कि युवक और उसके परिवारीजनों से संबंधित दस्तावेज लेकर वह थाने आएं। जिससे मृतक युवक की सही पहचान हो सके। व्यक्ति ने मंगलवार को दस्तावेजों के साथ थाने पहुंचने के लिए कहा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि दस्तावेजों के आधार पर ही युवक की सही पहचान हो सकेगी।

chat bot
आपका साथी