Lucknow COVID-19 News: लखनऊ में कोरोनाफोबिया की डर से डिस्चार्ज होने के बाद भी बेड खाली नहीं कर रहे मरीज
Lucknow COVID-19 News लखनऊ के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती कोविड-19 व नॉन कोविड मरीज डिस्चार्ज के जाने के बाद भी बेड छोड़ने को तैयार नहीं। सिविल अस्पताल के निदेशक ने स्वास्थ्य विभाग व शासन को लिखा पत्र।
लखनऊ,जेएनएन। Lucknow COVID-19 News: सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती कोविड-19 व नॉन कोविड मरीज डिस्चार्ज के जाने के बाद भी बेड छोड़ने को तैयार नहीं हैं। मरीजों को लग रहा है कि वह अभी पूरी तरह से स्वस्थ नहीं है और घर जाने पर उनकी ऑक्सीजन की किल्लत कहीं बढ़ न जाए। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि जिन मरीजों का ऑक्सीजन स्तर रूम के तापमान पर सामान्य है, उनको कई दिनों पहले डिस्चार्ज किया गया, लेकिन वह मरीज ऑक्सीजन और बेड छोड़ने को तैयार नहीं हैं। इससे दूसरे मरीजों के लिए दिक्कत हो रही है। सिविल अस्पताल के निदेशक ने इस बारे में स्वास्थ्य विभाग व शासन को पत्र लिखकर अवगत करा दिया है।
यहां 20 से 30 मरीज कोरोना पॉजिटिव भी भर्ती हैं, जिन्हें दूसरे अस्पतालों में अभी तक शिफ्ट नहीं कराया गया है। पिछले 15 दिनों के दौरान यहां भर्ती कई कोरोना संक्रमित शिफ्ट नहीं होने के चलते ही दम तोड़ चुके हैं। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ सुभाष सुंदरियाल ने बताया कि यहां अजीब स्थिति है। जो मरीज ऑक्सीजन पर भर्ती हैं और स्थिति सामान्य होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया जा रहा है।
बावजूद वह घर जाने को तैयार नहीं हैं। इससे दूसरे मरीजों को भर्ती करने में मुश्किल हो रही है। वहीं बहुत से कोरोना मरीजों को बार-बार कहने के बावजूद कोविड-19 अस्पतालों में शिफ्ट नहीं कराए जाने से भी दिक्कत है। हमारे दूसरे स्टाफ व अन्य मरीज भी इस वजह से संक्रमित हो रहे हैं।