बदमाशों ने मुर्गी दाना कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूटे दस लाख Amethi news

दहशत फैलाने के लिए की दो राउंड फायर‍िंंग सुबह साढ़े आठ बजे दिया वारदात को अंजाम। एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण कर्मचारियों से की पूछताछ।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Mon, 18 Nov 2019 09:19 PM (IST) Updated:Mon, 18 Nov 2019 09:19 PM (IST)
बदमाशों ने मुर्गी दाना कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूटे दस लाख Amethi news
बदमाशों ने मुर्गी दाना कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूटे दस लाख Amethi news

अमेठी, जेएनएन। जिले में बदमाशों ने एक और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया है। मुंशीगंज थाने से महज एक किमी दूर एचएएल गेट के सामने स्थित मुर्गी दाना कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बना कर दस लाख के करीब नकदी लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने सुबह साढ़े आठ बजे के करीब वारदात को अंजाम दिया। वहीं दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायर‍िंंग भी की। पुलिस अधीक्षक डा. ख्याति गर्ग के साथ एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर कर्मचारियों से पूछताछ की है।

जगदीशपुर निवासी महफूज ने सलवा एग्रो हेचरीज नाम की एक कंपनी खोल रखी है। यह कंपनी मुर्गी पाल्ट्री फार्म से जुड़े कार्य करती है। इसी कंपनी की शाखा चार वर्ष पूर्व एचएएल गेट के समीप मुख्य मार्ग पर खोली गई थी। मैनेजर सुजीत सिंह का आरोप है कि सोमवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे दो बाइक सवार बदमाशों ने दो फायर कर परिसर में घुस गये। इसके बाद सभी कर्मचारियों को एक कमरे में बंधक बनाकर मैनेजर को अकाउंट रूम में ले गये। वहां पर रखा नौ लाख चौसठ हजार और तीस हजार रुपये कैश लूट लिया।

इसके बाद मैनेजर को उसी कमरे में बंद कर मौके पर फरार हो गया। कमरे में बंद राकेश यादव ने किसी तरह कंपनी के मालिक को घटना की जानकारी दी। मालिक ने जगदीशपुर शाखा पर कार्य कर रहे सीनियर मैनेजर अशोक मौर्या को मौके पर भेजा। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक के साथ ही सीओ रामरतन, एएसपी दयाराम सरोज और एसपी भी मौके पर पहुंची। घटना स्थल के निरीक्षण के बाद सभी कर्मचारियों को थाने ले जाया गया। थाने पर अधिकारियों ने अलग-अलग पूछताछ की। दोपहर बाद मैनेजर सुजीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ने बताया कि घटना के समय कई कर्मचारी परिसर में मौजूद थे। सबके अलग-अलग बयान लिए गए हैं। मैनेजर भी अलग-अलग बात बता रहे हैं। टीम गठित की गई है। क्राइम ब्रांच को लगाया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी