कांग्रेस से निष्कासित नेताओं ने अलग मनाया स्थापना दिवस, कहा- पार्टी के संविधान के साथ हो रहा मजाक

पार्टी से निष्कासित वरिष्ठ कांग्रेसियों ने कहा है कि अब हम याचना नहीं मजबूती के लिए रण करेंगे। वर्तमान में कांग्रेस पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड बना दिया गया है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 29 Dec 2019 08:11 PM (IST) Updated:Sun, 29 Dec 2019 08:13 PM (IST)
कांग्रेस से निष्कासित नेताओं ने अलग मनाया स्थापना दिवस, कहा- पार्टी के संविधान के साथ हो रहा मजाक
कांग्रेस से निष्कासित नेताओं ने अलग मनाया स्थापना दिवस, कहा- पार्टी के संविधान के साथ हो रहा मजाक

लखनऊ, जेएनएन। पार्टी से निष्कासित वरिष्ठ कांग्रेसियों ने पार्टी का अलग स्थापना दिवस समारोह मनाया। इस मौके पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह 'मुन्ना' ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि मत भिन्नता भले रही हो, लेकिन मन भिन्नता नहीं रही। अनुशासन के नाम पर कांग्रेस के संविधान के साथ मजाक किया जा रहा है। पार्टी का संविधान पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। वरिष्ठ कांग्रेसजन के साथ अन्याय हुआ है, हम उनके साथ खड़े हैं।

सहकारिता भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी ने कहा कि अब हम याचना नहीं, मजबूती के लिए रण करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड बना दिया गया है। डॉ. संतोष सिंह ने कहा कि मौजूदा कांग्रेस अनुशासन समिति में आपराधिक इतिहास के लोग शामिल हैं। ऐसे लोग हमें क्या अनुशासन की सीख देंगे ?

भूधर नारायण मिश्र ने कहा कि वर्तमान प्रदेश नेतृत्व का जब कहीं अता-पता नहीं था, तब हम लोग कांग्रेस की मजबूती के लिए जेलों में गए और पुलिस दमन के शिकार हुए। विनोद चौधरी ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस में स्वार्थी तत्वों का जमावड़ा है। स्वयं प्रकाश गोस्वामी ने कहा कि यह असली और बनावटी कांग्रेस की लड़ाई है। नेक चंद पांडेय ने कहा कि हम ही असली कांग्रेसी हैं, क्योंकि हमारे परिवार का 110 वर्षों का कांग्रेस में योगदान रहा है। इस मौके पर राम कृष्ण द्विवेदी व योगेन्द्र सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। सिराज मेंहदी ने आए अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

नोएडा में होगा प्रदेश स्तरीय सम्मेलन

निष्कासित वरिष्ठ कांग्रेसी अगला प्रदेश स्तरीय सम्मेलन नोएडा में करेंगे। इसके बाद हर मंडल स्तर पर सम्मेलन किया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ कांग्रेसियों ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

chat bot
आपका साथी