'खेलेगा जिला, जीतेगा यूपी', भाजयुमो के लिए कार्यक्रम तय; जानिए भाजपा की युवा शक्ति जुटाने की रणनीति

UP Assembly Election 2022 केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव सह प्रभारी व चुनाव प्रबंधन प्रभारी अनुराग ठाकुर ने भाजपा की जीत दोहराने के लिए युवा शक्ति जुटाने की रणनीति तैयार की है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Thu, 14 Oct 2021 06:12 PM (IST) Updated:Thu, 14 Oct 2021 06:13 PM (IST)
'खेलेगा जिला, जीतेगा यूपी', भाजयुमो के लिए कार्यक्रम तय; जानिए भाजपा की युवा शक्ति जुटाने की रणनीति
केंद्रीय मंत्रीअनुराग ठाकुर ने यूपी में भाजपा की जीत दोहराने के लिए युवा शक्ति जुटाने की रणनीति तैयार की है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव सह प्रभारी व चुनाव प्रबंधन प्रभारी अनुराग ठाकुर ने भाजपा की जीत दोहराने के लिए युवा शक्ति जुटाने की रणनीति तैयार की है। पहले से भाजपा की विचारधारा से जुड़े युवाओं को थामे रखने के लिए उन्होंने जिलों में युवा सम्मेलन की रूपरेखा बनाई है, लेकिन खास रणनीति तो उन पेशेवर व उच्च शिक्षित युवाओं के लिए तैयार की है, जो गैर-राजनीतिक या तटस्थ भाव के हैं। तय हुआ है कि ऐसे युवाओं से उनसे जुड़े मुद्दों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों पर बात पार्टी के नेता नहीं, उसी क्षेत्र से संबंधित हस्तियां बात करेंगी।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की है। विमर्श में बात सामने आई कि ज्यादातर युवा प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा की नीतियों से प्रभावित है। वहीं, युवाओं का उच्च शिक्षित एक बड़ा वर्ग ऐसा भी है, जिसकी राजनीतिक प्रतिबद्धता किसी दल के प्रति नहीं है। वह नीतियों पर नजर रखता है, समीक्षा करता है। इंटरनेट मीडिया पर ऐसे अधिसंख्य युवाओं का झुकाव मोदी की तरफ तो नजर आता है, लेकिन खुलकर भाजपा का समर्थन नहीं करते। कुछ युवा तटस्थ भाव में रहते हैं।

भाजपा के प्रदेश मंत्री व मोर्चा के सह प्रभारी सुभाष यदुवंश ने बताया कि नवंबर में ऐसे उच्च शिक्षित युवाओं के कम से कम 19 महानगरों में कार्यक्रम किए जाएंगे, जिसमें वक्ता के तौर पर शिक्षा, चिकित्सा, कला, खेल, उद्योग आदि क्षेत्रों की हस्तियों को बुलाया जाएगा। यदुवंश ने बताया कि चुनाव पूर्व अभियान में कुल तीन कार्यक्रम लिए गए हैं। पेशेवर युवाओं के अलावा दूसरा कार्यक्रम 'खेलेगा जिला, जीतेगा यूपी' नाम से होगा, इसमें जिले के स्थान पर उस जिले का नाम लिखा जाएगा, जहां कार्यक्रम होगा।

क्षेत्रीय जनता की रुचि वाले तीन खेल चिह्नित कर उनकी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं को आमंत्रित करेंगी। विजेता और उपविजेताओं को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 30 या 31 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। इसके अलावा तीसरा कार्यक्रम युवा सम्मेलनों का होगा। दिसंबर में यह आयोजन जिला स्तर पर होंगे या विधानसभा स्तर पर, यह अभी तय किया जा रहा है। 

अफवाहों का तुरंत देना होगा जवाब : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा प्रदेश मीडिया की टीम के साथ भी बैठक की। इसमें मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ताओं से कहा गया कि मंडल स्तर तक मीडिया टीम को सक्रिय रखें। इंटरनेट मीडिया पर भी नजर रहनी चाहिए। यदि कहीं कोई विरोधी दुष्प्रचार करता है या अफवाह फैलाता है तो मीडिया टीम की जिम्मेदारी है कि तथ्य और तर्कों के साथ उसका जवाब दे।

chat bot
आपका साथी