अंतर्राष्ट्रीय बस सेवा संचालन करार की ओर परिवहन निगम, पांच मार्गो पर बनी सहमति

उच्चाधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद पांच मार्गो पर बनी सहमति।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Mar 2018 06:10 PM (IST) Updated:Wed, 21 Mar 2018 06:10 PM (IST)
अंतर्राष्ट्रीय बस सेवा संचालन करार की ओर परिवहन निगम, पांच मार्गो पर बनी सहमति
अंतर्राष्ट्रीय बस सेवा संचालन करार की ओर परिवहन निगम, पांच मार्गो पर बनी सहमति

लखनऊ(नीरज मिश्र)। परिवहन निगम प्रशासन बहुत जल्द नेपाल के बीच बस सेवा संचालन की तैयारी कर रहा है। नेपाल भी बस सेवा को तैयार है। फिलहाल पांच रूटों पर बस सेवा संचालन की सहमति बनी है। इनमें प्रमुख रूप से महेंद्रनगर-देहरादून, नेपालगंज से रुपईडिहा-बरेली-मुरादाबाद-हरिद्वार, नेपालगंज से रुपईडिहा-लखनऊ, नेपालगंज से रुपईडिहा-दिल्ली, काठमांडू से सोनौली-गोरखपुर आदि हैं।

इस सिलसिले में बीते महीने प्रमुख सचिव परिवहन आराधना शुक्ला, प्रबंध निदेशक पी. गुरुप्रसाद समेत रोडवेज के तमाम उच्चाधिकारियों ने नेपाल का दौरा कर बस सेवा संचालन पर अपनी सहमति जता दी है। जल्द ही इसे लेकर दोनों सरकारों के नुमाइंदों के बीच दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक होनी है। इसी में बस सेवा संचालन के करार पर अंतिम मुहर लगने के आसार हैं।

जल्द हो सकता है एग्रीमेंट फाइनल

मुख्य प्रधान प्रबंधक (संचालन) एचएस गाबा के मुताबिक 23 फरवरी को हुई बैठक में रूट तय हो गए हैं। जल्द एग्रीमेंट फाइनल हो सकता है। करार होते ही एसटीए में परमिट के लिए आवेदन कर दिया जाएगा। बैठक की तारीख तय होते ही परमिट बनने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद काउंटर साइन के लिए परमिटों को नेपाल भेजा जाएगा। हस्ताक्षर होते ही बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।

सीजीएम ने बताया कि प्रमुख सचिव परिवहन ने वार्ता क्रम के दौरान नेपाल के अधिकारियों को बताया कि बीमारी और तमाम अन्य कारणों से नेपाल के लोग भारत आते हैं और यहां के लोग नेपाल जाते हैं। साथ ही गोरखपुर में बन रहे एम्स के चलते यह समझौता लोगों के लिए और भी महत्वपूर्ण हो जाएगा। दोनों पक्षों में बातचीत के बाद इस मसले पर सहमति बन गई है। लिहाजा बहुत जल्द गोरखपुर से काठमाडू, लखनऊ से नेपालगंज, आनंद विहार से नेपालगंज, आनंद विहार से लुंबनी और महेंद्रनगर से देहरादून के बीच बस सेवा संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।

क्या कहना है परिवहन आयुक्त का?

उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त पी. गुरुप्रसाद ने बताया कि फरवरी की अंत में नेपाल राष्ट्र के अधिकारियों के साथ प्रदेश के परिवहन अफसरों ने बैठक की थी। इसमें केंद्र के भी लोग थे। नेपाल और भारत के बीच बस सेवा संचालन पर सहमति बनी है। दोनों पक्ष तैयार हैं। रूट तय हो गए हैं। करार होते ही परमिट लेकर संचालन शुरू कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी