पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश शर्मा के निधन के बाद हेम सिंह पुंडीर बने शर्मा गुट के कार्यवाहक अध्यक्ष

पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश शर्मा के निधन के बाद हेम सिंह पुंडीर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के कार्यवाहक अध्यक्ष बनाये गए हैं। वह अगले चुनाव तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। ओम प्रकाश शर्मा के निधन पर सोमवार को प्रदेश के सभी विद्यालयों में शोक सभाएं होंगी।

By Umesh Kumar TiwariEdited By: Publish:Mon, 18 Jan 2021 12:30 AM (IST) Updated:Mon, 18 Jan 2021 03:59 PM (IST)
पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश शर्मा के निधन के बाद हेम सिंह पुंडीर बने शर्मा गुट के कार्यवाहक अध्यक्ष
पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश शर्मा के निधन के बाद हेम सिंह पुंडीर शर्मा गुट के कार्यवाहक अध्यक्ष बनाये गए हैं।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षक एमएलसी ओम प्रकाश शर्मा के निधन के बाद हेम सिंह पुंडीर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के कार्यवाहक अध्यक्ष बनाये गए हैं। वर्ष 1970 से 2020 तक लगातार आठ बार शिक्षक सीट से एमएलसी रहे 87 वर्षीय ओपी शर्मा का शनिवार रात को मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित आवास पर निधन हो गया था। मेरठ के सूरजकुंड में रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। उन्होंने 48 साल तक मेरठ-सहारनपुर शिक्षक सीट पर एमएलसी बनकर राज किया।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के प्रदेशीय मंत्री व प्रवक्ता डॉ.आरपी मिश्र ने बताया कि संगठन के संविधान की व्यवस्था के अनुसार वरिष्ठतम उपाध्यक्ष हेम सिंह पुंडीर को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है। वह अगले चुनाव तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने बताया कि ओम प्रकाश शर्मा के निधन पर सोमवार को प्रदेश के सभी विद्यालयों में शोक सभाएं होंगी। एक फरवरी को माध्यमिक शिक्षा निदेशक के शिविर कार्यालय पर धरने का कार्यक्रम यथावत रहेगा।

पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश शर्मा का पार्थिव शरीर रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। करीब पांच दशक तक शिक्षक राजनीति में सक्रिय शिक्षकों के भीष्म पितामह कहे जाने वाले शर्मा को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मेरठ के सूरजकुंड में उनके अंतिम संस्कार में शिक्षक, राजनीति, सामाजिक क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों का जमावड़ा रहा। शास्त्रीनगर आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। दोपहर डेढ़ बजे तक आवास पर अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को फूलों से सजे ट्रक में रखा गया। करीब तीन बजे उनके बड़े बेटे अमित प्रकाश ने पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।

chat bot
आपका साथी