रायबरेली में 12 घंटे से धधक रही 50 टन कूड़े के ढेर में लगी आग, धुएं से घुटने लगा घनी आबादी का दम

रायबरेली में कूड़ा निस्तारण प्लांट के सामने लगे हजारों टन कूड़े के ढेर में शुक्रवार की देर शाम आग लग गई। सुबह चारों ओर धुएं का धुंध बढ़ने लगा तो इसका पता चला। सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Sat, 06 Mar 2021 01:58 PM (IST) Updated:Sat, 06 Mar 2021 01:58 PM (IST)
रायबरेली में 12 घंटे से धधक रही 50 टन कूड़े के ढेर में लगी आग, धुएं से घुटने लगा घनी आबादी का दम
रायबरेली के कूड़ा निस्तारण प्लांट के सामने करीब 50 हजार टन कूड़े के ढेर में लगी आग।

रायबरेली, जेएनएन। कूड़ा निस्तारण प्लांट के सामने लगे हजारों टन कूड़े के ढेर में शुक्रवार की देर शाम आग लग गई। सुबह चारों ओर धुएं का धुंध बढ़ने लगा तो इसका पता चला। सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। थोड़ी ही देर में नगर पालिका, अग्निशमन समेत प्रशासनिक अफसरों का जमावड़ा लग गया। आनन-फानन में आग बुझाने में नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मी जुट गए। अब तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। वहीं घनी आबादी के पास निस्‍तारण प्‍लांट होने की वजह से लोगों को सांस लेने तक में दिक्‍कत हो रही है। वहीं आग लगे हुए 12 घंटे से ज्‍यादा हो गया है। मौक पर छह दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में लगी है। 

 

वार्ड 14 में कूड़ा निस्तारण प्लांट स्थापित है। प्लांट के सामने ही कूड़ा एकत्र किया जाता है। हर दिन 40 से टन शहर का कूड़ा यहां पर लाया जाता है। पिछले काफी समय से मशीन के सही ढंग से संचालन नहीं होने के कारण करीब 50 हजार टन कूड़ा एकत्र हो गया। गत शाम अचानक कूड़े में आग लग गई। रातभर कूड़ा सुलगता रहा। सुबह चारों ओर धुआं फैला तो लोगों को पता चला। स्थानीय नागरिक डीबी सिंह ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद अग्निशमन विभाग के साथ ही नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी पहुंच गए। दमकल और पालिका के आधा दर्जन वाहनों से आग बुझाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी।  

आग बुझाने में लग जाएंगे दो दिन

सूचना पर पहुंचे प्रभारी ईओ दिलीप कुमार जहां कुछ देर बाद लौट गए, वहीं अग्निशमन अधिकारी मनीराम सरोज दलबल के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि दो बड़ी और एक छोटी गाड़ी सुबह साढ़े सात बजे लगी है। समय रहते सूचना मिल जाने के कारण इसे फैलने से रोक दिया गया है। कूड़े का ढेर है। आग अंदर तक पहुंच चुकी है। मशीन की मदद से कूड़ा पलटवाकर पानी डाला जा रहा है। इसमें दो दिन का समय लग सकता है। नगर पालिका सफाई निरीक्षक जितेंद्र कुमार, जलकल अभियंता धीरज कुमार, आशुतोष सिंह सक्रिय रहे।  उनकी माने तो जलकल के दो टैंकर, सीवट जेटिंग मशीन और दो खुदाई की मशीनों को आग बुझाने में लगाया गया है।

लेखपाल ने आसपास के लोगों के दर्ज किए बयान

लेखपाल विकास श्रीवास्तव ने बताया आग कैसे लगी इसका स्पष्ट रूप से कारण पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। इसकी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी जाएगी।

chat bot
आपका साथी