सपा और अमर सिंह की दूरियां नजदीकियों में बदलने की चर्चा

समाजवादी पार्टी की ओर से धीरे-धीरे खुलते नजर आ रहे दरवाजे से अब अमर सिंह के प्रवेश की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। वह जल्द ही सपा में शामिल हो सकते हैं। इस बात के कयास लगाए जाने लगे हैं। महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अमर सिंह के सपा में

By Nawal MishraEdited By: Publish:Mon, 04 May 2015 12:19 AM (IST) Updated:Mon, 04 May 2015 12:22 AM (IST)
सपा और अमर सिंह की दूरियां नजदीकियों में बदलने की चर्चा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी की ओर से धीरे-धीरे खुलते नजर आ रहे दरवाजे से अब अमर सिंह के प्रवेश की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। वह जल्द ही सपा में शामिल हो सकते हैं। इस बात के कयास लगाए जाने लगे हैं। महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अमर सिंह के सपा में आने के संकेत दिए हैं। दरअसल आज लखनऊ में जब पत्रकारों ने शिवपाल से अमर सिंह की सपा में वापसी की बात पूछी तो उन्होंने कहा कि अमर सिंह खुद प्रेस कांफ्रेंस करके आप लोगों को बता देंगे। शिवपाल के इस अर्थपूर्ण संदेश से यह निहितार्थ निकाले गए कि अब अमर सिंह जल्द सपा में वापस होंगे। इस कयास की और वजहें हैं। अभी मुख्यमंत्री के जर्मनी दौरे से पहले अमर सिंह ने ब्रिटिश प्रतिनिधि मंडल के साथ मुख्यमंत्री आवास पर अखिलेश यादव से मुलाकात की। लखनऊ में उनके गुपचुप दौरे भी होते रहते हैं। सपा मुखिया और अन्य प्रमुख लोगों से उनकी मुलाकात भी होती है। कई बार दौरे सार्वजनिक हो जाते और कई बार गोपनीयता बरती जाती है। इतना जरूर है कि अमर सिंह को लेकर मुलायम परिवार में जो तल्खी रही, वह पहले से कम हो गयी है। प्रो. राम गोपाल यादव की बात छोड़ दी जाए तो सबसे अमर सिंह की नजदीकियां भी बढ़ी हैं। राजनीतिक विशेषज्ञ यह भी दावा कर रहे हैं कि वर्ष २०१६ में राज्यसभा चुनाव के दौरान अमर सिंह सपा में शामिल होंगे। राज्यसभा में जाना तय होने के बाद ही वह ऐलान करेंगे। इससे पहले वह कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते। उनके बार-बार आगमन और सपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात को लेकर अब कोई संदेह नहीं रह गया है। माना जा रहा है कि देर सवेर अमर सिंह के सपा में आने की घोषणा हो जाएगी। हालांकि जनेश्वर मिश्र पर आयोजित कार्यक्रम में भी जब शामिल हुए थे तो उम्मीद थी कि सपा में आएंगे लेकिन बात नहीं बनी। सियासत में कब बाजी पलट जाए कहा नहीं जा सकता, मगर अमर सिंह से जुड़े लोगों की भी सपा से नजदीकियां देखी जा रही हैं।

chat bot
आपका साथी