पुराने लखनऊ में जाम से म‍िलेगी राहत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 20 को करेंगे दो पुलों का लोकार्पण

पुराने लखनऊ दो पुलों का वर्चुअल होगा लोकार्पण। नाका हिंडोला और मीना बेकरी के दो पुलों का लोकार्पण हो जाने से जाम से म‍िलेगी राहत। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हो सकते हैं शामिल।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 17 Oct 2020 11:04 PM (IST) Updated:Sun, 18 Oct 2020 05:58 AM (IST)
पुराने लखनऊ में जाम से म‍िलेगी राहत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 20 को करेंगे दो पुलों का लोकार्पण
दीपावली तक हैदरगंज से नींबू पार्क तक पुल का भी लोकार्पण कर दिया जाएगा।

लखनऊ, जेएनएन। पुराने लखनऊ के नाका हिंडोला और मीना बेकरी के दो पुलों का लोकार्पण मंगलवार 20 अक्टूबर को किया जाएगा। ये समारोह वर्चुअल होगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसमें शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा सभी विधायक और लखनऊ में निवासरत मंत्रियों भी आभासी उपस्थिति इस कार्यक्रम में होगी। जिसके बाद में पुराने शहर की यातायात की बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा। करीब आठ लाख लोगों को इन पुलों के लोकार्पण से राहत मिलेगी। जो सफर आधे से 45 मिनट में पूरा होता था, वह अब 15 से 20 मिनट में पूरा होगा।

नाका हिंडोला में हुसैनगंज से डीएवी कॉलेज रोड तक और मीना बेकरी से हैदरगंज तक दो पुलों का निर्माण अब लगभग पूरा हो चुका है। लगभग ढाई साल के समय में ये काम पूरा हुआ है। इन पुलों की वजह से राजाजीपुरम, ऐशबाग, तालकटोरा और अन्य इलाकों से लोगों का मुख्य शहर में आना आसान हो जाएगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा दीपावली तक हैदरगंज से नींबू पार्क तक पुल का भी लोकार्पण कर दिया जाएगा।

कारोबारियों को नहीं होगी परेशानी, जल्द खत्म होगा सर्विस लेन का भी काम

नाका हिंडोला के व्यापारियों को दिवाकर त्रिपाठी ने आश्वासन दिया है कि पुल शुरू होने के बाद तत्काल सर्विस लेने का काम पूरा किया जाएगा। कुछ काम कल से ही शुरू हो जाएगा। कारोबारियों को कोई भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी। 

chat bot
आपका साथी