अटकलों पर विराम: महेंद्र नाथ पाण्डेय को उत्तर प्रदेश भाजपा की कमान

केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री और चंदौली के सांसद महेन्द्र नाथ पाण्डेय को उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

By Ashish MishraEdited By: Publish:Thu, 31 Aug 2017 07:48 PM (IST) Updated:Fri, 01 Sep 2017 10:07 AM (IST)
अटकलों पर विराम: महेंद्र नाथ पाण्डेय को उत्तर प्रदेश भाजपा की कमान
अटकलों पर विराम: महेंद्र नाथ पाण्डेय को उत्तर प्रदेश भाजपा की कमान

लखनऊ (जेएनएन)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री और चंदौली से सांसद महेन्द्र नाथ पाण्डेय उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति की और महासचिव अरुण सिंह ने उनके नाम की घोषणा की। इसके साथ ही करीब पांच माह से प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया।


अमित शाह जुलाई के अपने लखनऊ दौरे में यह संकेत दे गए थे कि उत्तर प्रदेश को जल्द ही नया पार्टी अध्यक्ष मिलेगा। मार्च में उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने एक व्यक्ति-एक पद सिद्धांत के तहत पद छोडऩे की पेशकश की थी लेकिन, नेतृत्व ने नई नियुक्ति होने तक उन्हें बरकरार रखा। महासचिव अरुण सिंह के मुताबिक महेन्द्र नाथ पाण्डेय तत्काल प्रभाव से नेतृत्व संभालेंगे।


काशी हिंदू विश्वविद्यालय से पीएचडी और पत्रकारिता में स्नातकोत्तर पाण्डेय को संगठन चलाने का पुराना अनुभव है। वह संगठन का चुनाव कराने से लेकर प्रदेश में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे हैं। प्रदेश सरकार से लेकर केंद्र में मंत्री पद पर भी रहे। मूलत: गाजीपुर जिले के पखरपुर गांव के रहने वाले पाण्डेय का एक घर बनारस में भी है। पाण्डेय ने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में छात्रसंघ के महामंत्री के रूप में अपना राजनीतिक जीवन प्रारम्भ किया था।

उन्होंने छात्र जीवन से ही विद्यार्थी परिषद में संगठन मंत्री तथा पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। पाण्डेय पहली बार 1991 में गाजीपुर के सैदपुर से विधायक चुने गए। इसके बाद दोबारा वह 1996 में विधायक हुए। 1997 में वह मिनिस्टर आफ स्टेट हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट बनाए गए।

1998 में उन्हें स्वतंत्र प्रभार का राज्यमंत्री बनाया गया। 2000 से 2002 तक पंचायती राज मंत्री के रूप में वह प्रदेश में प्रभावी ढंग से उभरे। इसके बाद वह कई चुनाव हारे लेकिन, 2014 के लोकसभा चुनाव में 16वीं लोकसभा के लिए चंदौली से चुने गए। पाण्डेय ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री का भी दायित्व निर्वहन किया है।

संगठन और सरकार के बीच संवाद और समन्वय प्राथमिकताः महेन्द्र नाथ 

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पाण्डेय ने कहा है कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय, सामंजस्य और संवाद उनकी पहली प्राथमिकता है। वह कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और जनता के प्रति जवाबदेह बनने का पूरा प्रयास करेंगे। जिस उम्मीद से उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने यह दायित्व सौंपा है, उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे।
अध्यक्ष बनने के बाद जागरण से बातचीत में महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने मोदी और शाह के प्रति आभार जताया। कहा कि जो दायित्व शीर्ष नेतृत्व ने सौंपा है वह मेरे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार जिन मानदंडों पर काम कर रही है और जिस तरह जनता के हित में कीर्तिमान स्थापित किए हैं उससे जन-जन को परिचित कराऊंगा। सरकार की जनोपयोगी योजनाओं को संगठन के जरिये जनता के बीच ले जाऊंगा और मेरी कोशिश होगी कि जन समस्याओं को सुलझाने में संगठन अग्रणी भूमिका निभाए।

आने वाले निकाय चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव की चुनौती पर पाण्डेय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार के बेहतर कार्यों से जनता भली-भांति परिचित है। हम सिर्फ सरकार और जनता के बीच सेतु बनकर समस्या का समाधान करेंगे। जनता के आशीर्वाद से सभी चुनावों में कीर्तिमान स्थापित होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने दोहराया कि सरकार की नाक, कान और आंख बनकर काम करेंगे। जनता के मुद्दों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक पहुंचाएंगे। कार्यकर्ता हमेशा से मेरी प्राथमिकता में रहा है। उसके उत्साह को बढ़ाने के साथ ही नई ऊर्जा के साथ नए संकल्पों के प्रति प्रेरित करने का काम करूंगा।

-- एक नजर--
महेन्द्र पाण्डेय : परिचय
नाम- महेन्द्र नाथ पाण्डेय
पिता का नाम - स्व. सुधाकर पाण्डेय
जन्म तिथि - 15 अक्टूबर 1957
शिक्षा - एमए, मास्टर आफ जर्नलिज्म, पीएचडी (हिन्दी)।
पत्नी - प्रतिमा पाण्डेय
व्यवसाय - खेती
 

chat bot
आपका साथी