UP News: अवैध संबंध के शक में महिला की निर्मम हत्या, मरणासन्न करने के बाद घटनास्थल पर बैठा रहा आरोपित

पुलिस के मुताबिक महिला के दो लोगों से अवैध संबंध थे। आरोप है कि महिला ने पहले गांव के जीतू से संबंध बनाया फिर गांव के ही एक अन्य सदस्य अशोक तिवारी से जुड़ गई। इसके बाद महिला जीतू से कतराने लगी। यह बात जीतू को नागवार गुजरी।

By Vikas MishraEdited By: Publish:Wed, 06 Jul 2022 11:55 AM (IST) Updated:Wed, 06 Jul 2022 04:24 PM (IST)
UP News: अवैध संबंध के शक में महिला की निर्मम हत्या, मरणासन्न करने के बाद घटनास्थल पर बैठा रहा आरोपित
अवैध संबंध के चलते एक व्यक्ति ने महिला को सरेराह ईंट से कूच डाला।

बाराबंकी, संवाद सूत्र। अवैध संबंध के चलते एक व्यक्ति ने महिला को सरेराह ईंट से कूच डाला। मरणासन्न महिला को जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपित को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल ईंट को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतका के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदोसराय थाना के ग्राम तासीपुर के गुलाब सिंह की विधवा गुलाब देई उर्फ शारदा सिंह बुधवार सुबह करीब सात बजे गांव के बाहर जा रही थी।

कालिका विश्वकर्मा के मकान सामने पहुंची महिला पर गांव के ही जीतू ने अचानक ईंट से हमला कर दिया। सिर पर ताबड़तोड़ वारकर गुलाब देई को मरणासन्न कर दिया। इसके बाद जीतू वहां से भागा नहीं बल्कि महिला को मृत समझकर वहीं पर बैठ गया। इसी दौरान वहां ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। ग्रामीणों की सूचना पर आई एंबुलेंस से तत्काल गुलाब देई को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में महिला को मृत घोषित कर दिया गया। उधर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने आरोपित जीतू को हिरासत में ले लिया है।

हत्या की वजह : थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के दो लोगों से अवैध संबंध थे। आरोप है कि महिला ने पहले गांव के जीतू से संबंध बनाया फिर गांव के ही एक अन्य सदस्य अशोक तिवारी से जुड़ गई। इसके बाद महिला जीतू से कतराने लगी। यह बात जीतू को नागवार गुजरी, आए दिन इसको लेकर विवाद भी होता था। बताया जाता है कि बुधवार को महिला अशोक के ही घर जा रही थी, तभी जीतू ने उसकी हत्या कर दी।

भतीजा बना वादी : गुलाबदेई की दो संतान हैं। करीब छह साल पहले उनके पति गुलाब सिंह की मौत हो गई थी। पुत्री का विवाह हो चुका है, जबकि पुत्र धर्मेंद्र नशे का लती है। एसओ अमित मिश्रा ने बताया कि मृतका के भतीजे दुर्गेश सिंह की तहरीर पर मुकदमा लिखा जा रहा है।

chat bot
आपका साथी