15 अगस्त को पांच करोड़ पौधरोपण कर तोड़ेंगे रिकार्ड : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सोमवार को वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों के संबंध में राजधानी के कुकरैल में इंडियन फारेस्ट सर्विसेज (आइएफएस) अधिकारियों की बैठक के बाद मीडिया से रूबरू थे।

By Ashish MishraEdited By: Publish:Mon, 30 Jul 2018 08:47 PM (IST) Updated:Mon, 30 Jul 2018 08:47 PM (IST)
15 अगस्त को पांच करोड़ पौधरोपण कर तोड़ेंगे रिकार्ड : मुख्यमंत्री
15 अगस्त को पांच करोड़ पौधरोपण कर तोड़ेंगे रिकार्ड : मुख्यमंत्री

लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस साल 9.16 करोड़ पौध लगाए जाएंगे। 15 अगस्त को वृहद पौधरोपण अभियान के तहत पांच करोड़ से अधिक पौधे लगाकर अब तक का रिकार्ड तोड़ देंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों के संबंध में राजधानी के कुकरैल में इंडियन फारेस्ट सर्विसेज (आइएफएस) अधिकारियों की बैठक के बाद मीडिया से रूबरू थे।

आइएफएस अधिकारियों की दक्षता का करेंगे बेहतर उपयोग

योगी ने कहा कि आइएफएस अधिकारी अपेक्षाकृत दक्ष होते हैं। इनके चयन की न्यूनतम योग्यता साइंस में ग्रेजुएशन होती है। चयन के बाद प्रशिक्षण भी बेहतरीन होता है। सरकार इनकी दक्षता का प्रभावी उपयोग कृषि, पशुपालन, पर्यटन, जलसंरक्षण और अन्य संबंधित क्षेत्रों में करेगी। साल में एक बार सभी अधिकारियों के साथ बैठक करूंगा। उनको निर्देश दिया गया है कि बैठक में अपने-अपने जिले में किये जा रहे कुछ नायाब कामों का संक्षिप्त प्रेजेंटेशन भी साथ लाएं। इनको देखेंगे और चर्चा करेंगे।

सर्वश्रेष्ठ कार्यों को बतौर मॉडल बाकी जिलों में भी लागू करेंगे। बैठक में वन्य उपज के जरिये किसानों की आय बढ़ाने, ईको टूरिज्म की संभावनाओं, पर्यटन के लिहाज से 14 पक्षी विहारों काविकास, वनों में मौजूद प्राकृतिक तालों की सफाई, संरक्षण और वन उत्पाद से जुड़े पौधों के रोपण आदि पर चर्चा के साथ अधिकारियों से इस बाबत कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

सावन के पहले सोमवार पर लगाया बेल का पौधा

मुख्यमंत्री ने सावन के पहले सोमवार को कुकरैल स्थित मौलश्री सभागार के परिसर में बेल का पौध भी लगाया। मालूम हो कि शिव को बेलपत्र चढ़ाया जाता है। इसके पहले समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण प्रकृति के संरक्षण का सबसे प्रभावी तरीका है। लोगों को इसका महत्व बताकर जागरूक करें। 'एक व्यक्ति एक वृक्ष अभियान से जोड़ें। मौजूदा अभियान वन एवं वन्यजीव विभाग चलाएंगे। इसमें 22 और विभाग सहयोग करेंगे। 15 अगस्त को वन विभाग कुल लक्ष्य का 20 और बाकी आवंटित लक्ष्य का 80 फीसद पौधे लगाएंगे।

कटान की एनओसी देते समय लें पौधरोपण का शपथ पत्र

योगी ने इस बावत लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और कटान के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र देते समय संबंधित विभाग से पौधरोपण का शपथपत्र लेने का भी निर्देश दिया। कार्यक्रम को वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। वन राज्य मंत्री उपेंद्र तिवारी ने आभार जताया। बैठक में प्रमुख सचिव वन एवं वन्य जीव कल्पना अवस्थी, प्रधान वन संरक्षक एसके उपाध्याय सहित वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। 

chat bot
आपका साथी