भाजपा शक्ति प्रदर्शन के लिये नवरात्र से शुरू करेगी पदयात्रा, बड़ी सभा और रैलियां

सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में दशहरा में दीपावली तक पदयात्रा का कार्यक्रम होगा। हर क्षेत्र में तीन-तीन टोलियां पदयात्रा करेंगी।

By Ashish MishraEdited By: Publish:Wed, 03 Oct 2018 12:43 PM (IST) Updated:Wed, 03 Oct 2018 12:48 PM (IST)
भाजपा शक्ति प्रदर्शन के लिये नवरात्र से शुरू करेगी पदयात्रा, बड़ी सभा और रैलियां
भाजपा शक्ति प्रदर्शन के लिये नवरात्र से शुरू करेगी पदयात्रा, बड़ी सभा और रैलियां

[आनन्द राय] लखनऊ। भाजपा अभी तक बूथ, सेक्टर और लोकसभा संचालन टोलियों से लेकर संगठन से संबंधित बैठकें कर रही है लेकिन, शक्ति प्रदर्शन के लिए नवरात्र से चुनावी शो शुरू होगा। पदयात्रा, बड़ी सभा और रैलियां प्रस्तावित हैं। इन आयोजनों से महागठबंधन में जुटे विपक्ष पर भाजपा दबाव बनाएगी। भाजपा दो माह से जमीनी स्तर पर अपना होमवर्क कर रही है। कुछ खामियां और चुनौतियां सामने आई तो डैमेज कंट्रोल की मुहिम भी तेज हुई है।

अभियान पर सांसद, विधायक और मंत्रियों से लेकर संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को लगा दिया गया है। नवरात्र से आमजन से जुड़े कार्यक्रम होंगे। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में दशहरा में दीपावली तक पदयात्रा का कार्यक्रम होगा। हर क्षेत्र में तीन-तीन टोलियां पदयात्रा करेंगी। इसमें सांसद, विधायक, मंत्री व बड़े नेता भी रहेंगे। सभी मोर्चों की प्रदेश कार्यसमिति होनी है जिसमें भाजपा अनुसूचित मोर्चा की आगरा में और भाजयुमो की कानपुर नगर में होगी। 17 प्रकोष्ठों के भी सम्मेलन होने हैं।

मोदी, शाह और राजनाथ की रैलियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, योगी, केशव और दिनेश शर्मा के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की रैली और सभाएं होनी हैं। कब, कहां किसकी रैली होगी, यह तय हो रहा है। अनुसूचित जाति, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों की अलग-अलग रैलियां होगी। मेरठ की प्रदेश कार्यसमिति, लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय व संगठन महामंत्री सुनील बंसल की और दिल्ली में अमित शाह की बैठक में इस पर अंतिम मुहर के बाद अब क्रियान्वयन होना है।

राजधानी की रैली में आएंगी आठ लाख से ज्यादा बाइक

प्रदेश में 1.60 लाख से ज्यादा बूथ हैं। भाजपा ने बूथ कनेक्ट करते हुए राजधानी में बाइक रैली प्रस्तावित की है। हर बूथ से पांच-पांच बाइक के हिसाब से प्रदेश भर में आठ लाख से ज्यादा बाइक रैली के लिए निकलेगी। विभिन्न क्षेत्रों से भ्रमण करते हुए बाइक सवार कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचेंगे। नवरात्र में ही इसकी भी तारीख तय होगी। अमित शाह इस रैली में आएंगे और बूथ समिति के पदाधिकारियों को 2019 के लोकसभा चुनाव को जीतने का मंत्र देंगे।

निगम और आयोगों में भी होगी नियुक्तियां

कुछ प्रमुख आयोग और निगमों में कार्यकर्ताओं का समायोजन किया गया है लेकिन, अभी बहुत से पद खाली हैं। नवरात्र से ही इन निगमों और आयोगों में भी नियुक्ति का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी