योगी सरकार के एक वर्ष पर भाजपा गांवों में करेगी कार्यक्रम

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने हाल के अपने क्षेत्रीय दौरे में इसके लिए जमीन तैयार की। क्षेत्रीय और जिला स्तर के पदाधिकारियों को अभी से उनकी जिम्मेदारी बता दी है।

By Ashish MishraEdited By: Publish:Fri, 19 Jan 2018 10:25 AM (IST) Updated:Fri, 19 Jan 2018 03:24 PM (IST)
योगी सरकार के एक वर्ष पर भाजपा गांवों में करेगी कार्यक्रम
योगी सरकार के एक वर्ष पर भाजपा गांवों में करेगी कार्यक्रम

लखनऊ (जेएनएन)। योगी सरकार के गठन को 19 मार्च को एक वर्ष पूरा हो जाएगा। भाजपा संगठन अभी से सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की भूमिका में सक्रिय है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश भी जारी किया है। मार्च की शुरुआत से ही गांव-कस्बों में उपलब्धियों को लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
संगठन पर सरकार के कामों के प्रचार की जिम्मेदारी है।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी के 25 दिसंबर को जन्मदिन के बहाने भाजपा संगठन ने पूरे प्रदेश में सुशासन दिवस मनाया। बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किये गये। योगी सरकार की वर्ष भर की उपलब्धियों का प्रचार करने के लिए भी ऐसी ही योजना बन रही है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने हाल के अपने क्षेत्रीय दौरे में इसके लिए जमीन तैयार की। क्षेत्रीय और जिला स्तर के पदाधिकारियों को अभी से उनकी जिम्मेदारी बता दी है। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा मुख्यालय में बनाई जा रही है। फरवरी माह में पदाधिकारियों की मुख्यालय में बैठक भी आयोजित की जा सकती है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय का कहना है कि जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी तो केंद्र की सभी योजनाओं की अनदेखी की जिससे प्रदेश का बड़ा नुकसान हुआ। योगी सरकार ने केंद्र और प्रदेश की योजनाओं को गति दी है। मोदी और योगी अथक परिश्रम व नित नयी कल्याणकारी योजनाओं से दिन-रात जन कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। दस माह में योगी सरकार ने किसानों की खुशहाली से लेकर नौजवान, युवा, महिला, उद्यमी, व्यापारी सभी के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।

सबके सुख और भयमुक्त माहौल के लिये भी प्रयास हुए हैं। सबकी आय में बढ़ोत्तरी और मूलभूत संसाधनों तक सभी की पहुंच के लिए प्रयास चल रहा है। डॉ. पांडेय का कहना है कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इन जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को लेकर जनता के पास जाएं तभी अन्त्योदय का लक्ष्य प्राप्त होगा। 

chat bot
आपका साथी