UP Panchayat Chunav Result 2021: पंचायत चुनाव में भाजपा का दबदबा, सपा भी जमकर लड़ी

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्यों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिली है। भाजपा कुल 75 जिलों की 3051 पदों में 918 पर जीत दर्ज कर चुकी है जबकि मतगणना में 456 पदों पर उसके प्रत्याशी आगे थे। वहीं समाजवादी पार्टी 500 से अधिक सीटें जीत चुकी है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 03 May 2021 10:03 PM (IST) Updated:Tue, 04 May 2021 08:26 AM (IST)
UP Panchayat Chunav Result 2021: पंचायत चुनाव में भाजपा का दबदबा, सपा भी जमकर लड़ी
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्यों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिली है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रविवार से शुरू हुई मतों की गिनती में सोमवार देर शाम तक जारी है। अब तक 38317 ग्राम प्रधान, 232612 ग्राम पंचायत सदस्य तथा 55926 क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। जिला पंचायत सदस्यों के परिणाम भी आने शुरू हो हए हैं। मतगणना मंगलवार तक जारी रहने की संभावना है। अब तक के जिला पंचायत सदस्यों के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिली है। भाजपा कुल 75 जिलों की 3051 पदों में 918 पर जीत दर्ज कर चुकी है, जबकि मतगणना में 456 पदों पर उसके प्रत्याशी आगे थे। वहीं, समाजवादी पार्टी 500 से अधिक सीटें जीत चुकी है।

उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना 826 मतदान केंद्रों में एक साथ चल रही है। मतगणना स्थल पर कोरोना का असर लगातार दूसरे दिन भी दिखाई दिया। इस कारण मतगणना धीमे-धीमे चल रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतगणना कार्य शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। मतगणना मंगलवार को पूरी होने की उम्मीद जताई जा रह है।

सोमवार देर शाम तक हुई मतगणना में भाजपा का यदि क्षेत्रवार रिपोर्ट कार्ड देखा जाए तो पश्चिम के 14 जिलों में 446 जिला पंचायत सदस्यों में 132 सीटें जीत चुकी है व 72 पर आगे थी। प्रदेश उपाध्यक्ष व पंचायत चुनाव प्रभारी विजय बहादुर पाठक के अनुसार ब्रज क्षेत्र के 12 जिलों की 463 सीटों में 137 जीत चुकी है, जबकि 74 में आगे चल रही है। कानपुर के 14 जिलों की 363 सीटों में 107 जीत चुकी है व 70 में आगे चल रही है।

अवध क्षेत्र की 13 जिलों की 679 सीटों में 194 जीत चुकी है व 78 पर आगे चल रही है। भाजपा के मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि काशी क्षेत्र में कुल 12 जिलों की 574 सीटें हैं। इनमें 187 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, जबकि 80 सीटों में आगे चल है। गोरखपुर क्षेत्र में 10 जिलों की 526 सीटों में 161 भाजपा जीत चुकी है, जबकि 82 में वह आगे चल रही है।

वहीं, समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन भाजपा से ज्यादा अच्छा रहा है। भाजपा केवल झूठे आंकड़े पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को अंतिम परिणाम आने के बाद सपा अपने जीते प्रत्याशियों की सूचना सार्वजनिक करेगी।

बता दें कि जिला पंचायत सदस्य के 3050 पदों के लिए 44307 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य के 75,852 पदों पर 3,42,439 प्रत्याशी मैदान में थे। ग्राम प्रधान के 58,176 पदों के लिए 4,64,717 तथा ग्राम पंचायत सदस्य के 7,32,485 पदों के लिए 4,38,277 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव में सात जिला पंचायत सदस्य, 2005 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 178 ग्राम प्रधान व 317127 ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित पहले ही हो चुके हैं।

स्वतंत्र देव सिंह ने जनसमर्थन के लिए जताया आभार : बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पंचायत चुनाव में पार्टी को मिले जनसमर्थन के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों मे प्रत्याशियों को मिली विजय व समर्थन भाजपा सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास व किसानों की उन्नति के लिए उठाए गए कदमों पर मुहर है। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग 45 हजार से अधिक ग्राम प्रधान व 60 हजार से अधिक क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव में पार्टी कार्यकर्ता-समर्थक विजयी हुए हैं। उन्होंने पंचायत चुनाव में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि, सभी विजयी प्रत्याशी ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास व उन्हें शासन की समस्त योजनओं से जोड़ते हुए प्रदेश व देश के सर्वांगीण विकास की कड़ी बनेंगे।

chat bot
आपका साथी