सिंचाई विभाग में नौकरी के नाम पर 20 लाख ठगे, दो जालसाज गिरफ्तार-एक फरार

बहन के साथ तीन भाइयों की नौकरी लगवाने का किया था दावा। जालसाजों ने बकायदा फर्जी नियुक्ति पत्र तक जारी कर दिए थे चारों के।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 12 Apr 2018 01:17 PM (IST) Updated:Thu, 12 Apr 2018 01:17 PM (IST)
सिंचाई विभाग में नौकरी के नाम पर 20 लाख ठगे, दो जालसाज गिरफ्तार-एक फरार
सिंचाई विभाग में नौकरी के नाम पर 20 लाख ठगे, दो जालसाज गिरफ्तार-एक फरार

लखनऊ[जागरण संवाददाता]। नाका कोतवाली की पुलिस ने दो ऐसे जालसाजों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने सिंचाई विभाग में नौकरी के नाम पर बस्ती के तीन युवकों व उनकी बहन से बीस लाख की ठगी की थी। इंस्पेक्टर नाका परशुराम सिंह के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में बस्ती के थाना हरैया क्षेत्र के शिवाकात सिंह व थाना मुंडेरवा निवासी बैजनाथ पाडेय हैं। दोनों जालसाजों को मंगलवार (10 अप्रैल) रात नाका के आर्यनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। जालसाजों ने बस्ती निवासी अंजनी चौधरी उनके भाई शिवकुमार चौधरी, विनोद कुमार चौधरी व चचेरे भाई चंदन चौधरी के साथ ठगी की है। अंजनी मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर की छात्र हैं। वह रोजाना बस्ती से गोरखपुर ट्रेन से पढ़ाई के लिए जाती है। उसे दोनों ठग ट्रेन में ही मिले थे। ठगों ने खुद को सिंचाई विभाग का अधिकारी होने का दावा किया और छात्र को अपनी बातों के झासे में ले लिया। छात्र ने अपने भाइयों के साथ पिता जीतनारायण चौधरी को पूरी बात बताई। होटल में बीस लाख रुपये की तय हुई डील

इसके बाद उनकी जालसाजों से बात हुई। दोनों जालसाजों ने उन्हें नाका स्थित एक होटल में बुलाया, जहा बीस लाख रुपये की डील हुई। नौकरी के लिए बेरोजगार भाई-बहनों ने बीस लाख रुपये आसानी से दे दिए। जालसाजों ने चारों के बकायदा फर्जी नियुक्ति पत्र तक जारी कर दिए थे। नौकरी न मिलने पर पीड़ितों ने जालसाजों से शिकायत की तो उन्होंने 40 हजार रुपये और मागे। इसके बाद पीड़ितों ने नाका कोतवाली में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। होटल में बुलाकर जालसाजों को कराया अरेस्ट

पीड़ित छात्र अंजनी ने 40 हजार रुपये देने के लिए जालसाजों को नाका स्थित एक होटल में बुलाया, जालसाज जैसे ही पहुंचे नाका पुलिस ने दोनों को धरदबोचा। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में इंस्पेक्टर नाका के साथ दारोगा वैभव कुमार सिंह, अशरफुल सिद्दीकी, वीरेंद्र कुमार व सिपाही हरिशकर यादव हैं। जालसाज कई और बेरोजगारों को भी बना चुके हैं निशाना

इंस्पेक्टर नाका ने बताया कि जालसाजों ने कई और भी बेरोजगारों से ठगी की है। जालसाजों से पूछताछ और छानबीन में यह बात सामने आई है। ठगी के शिकार लोगों के सामने आने पर उनकी तहरीर पर भी जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। एक जालसाज पुलिस को चकमा देकर भाग निकला

इंस्पेक्टर नाका ने बताया कि दोनों जालसाजों का साथी हरिशकर चौधरी दबिश के दौरान भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी