जागरूक हुई पुलिस, एक हुए दंपती

- निगोहा थाने में हुई पंचायत के बाद अलग हुए थे दोनों -थानेदार की सक्रियता से मासूम को मिली मां की

By JagranEdited By: Publish:Thu, 20 Jul 2017 08:34 PM (IST) Updated:Thu, 20 Jul 2017 08:34 PM (IST)
जागरूक हुई पुलिस, एक हुए दंपती
जागरूक हुई पुलिस, एक हुए दंपती

- निगोहा थाने में हुई पंचायत के बाद अलग हुए थे दोनों

-थानेदार की सक्रियता से मासूम को मिली मां की ममता

संवाद सूत्र, निगोहां : पंचों की जिस पंचायत ने सात जन्मों के रिश्तों को दरकिनार कर दंपती को अलग कर दिया था, गुरुवार को वह एक हो गए। निगोहां थाने में हुई पंचायत में दंपती के अलग होने की खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आई। एसओ निगोहां चैंपियन लाल ने दोनों परिवारों और पति-पत्‍‌नी से बातचीत की, जिसके बाद वह एक साथ रहने के लिए राजी हो गए और अब दंपती खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

ध्यान रहे कि ब्रह्मादासपुर गांव निवासी धर्मेद्र कुमार की शादी गोसाईगंज के कटरा बक्कास निवासी रामकुमार की बेटी सलोनी से वर्ष 2015 में हुई थी। पति-पत्‍‌नी में मामूली विवाद हुआ तो मामला थाने पहुंच गया। बीट प्रभारी ने दोनों पक्षों में सुलह कराने के बजाय थाना परिसर में पंचायत लगवा दी, जिसमें पति-पत्‍‌नी के अलग रहने पर सहमति बनी थी। खास बात यह थी कि आठ माह की बच्ची को पंचायत ने उसके पिता के हवाले कर दिया था और सामान बांट दिए गए थे। जानकारी मिलने पर दैनिक जागरण ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद अधिकारी हरकत में आए थे। एसओ निगोहां ने दोनों पक्षों को साथ में लाने का प्रयास किया और उन्होंने दंपती से बातचीत की। धर्मेद्र और सलोनी से वार्ता कर दोनों को आठ माह की बच्ची के भविष्य के बारे में सोचने को कहा। दंपती को समझाने पर धर्मेद्र और सलोनी साथ रहने को तैयार हो गए। इसके बाद सलोनी वापस अपने पति व बेटी के पास चली गई।

chat bot
आपका साथी