घटने लगा जलस्तर

By Edited By: Publish:Fri, 25 Jul 2014 11:50 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jul 2014 11:50 PM (IST)
घटने लगा जलस्तर

लखीमपुर : पिछले दो दिनों से शारदा का जलस्तर घट रहा है। इससे बाढ़ प्रभावित गांव में भी पानी घट रहा है, लेकिन अभी लोगों की मुसीबतें कम नहीं हो रही हैं।

शुक्रवार का शारदा बैराज पर नदी का जलस्तर 134.85 मीटर रहा, जो खतरे के निशान से 0.64 मीटर नीचे है। इस कारण आसपास के गांवों में हालात में थोड़ा सुधार है और पानी उतर रहा है। जबकि पलिया में शारदा नदी अब भी खतरे के निशान से 0.46 मीटर ऊपर बह रही है। निघासन संवादसूत्र के मुताबिक शारदा नदी में आयी बाढ़ के पानी ने तराई इलाके के करीबन आधा सैकड़ा गांवों को प्रभावित किया था। यही नहीं इस बाढ़ से हजारों एकड़ फसलें भी जलमग्न हो गयी थी। दर्जन भर गांव का संपर्क मार्ग भी टूट गया था। लोगों के घरों में पानी घुस जाने के कारण लोग घरों को छोड़कर ऊंचे स्थानों पर शरण लिये थे, जोकि पानी घटने के साथ वापस घरों में लौटने लगे हैं। पांच रोज पूर्व क्षेत्र में आयी शारदा की बाढ़ ने क्षेत्र के करीबन 50 गांवों को प्रभावित किया था। इससे क्षेत्र के करीबन तीस हजार लोग प्रभावित हुये थे। इस बाढ़ ने खमरिया, झौव्वापुरवा, लुधौरी, पुरैना, मुडिया, बैलहा, कोदीपुरवा, डीह, जीतपुरवा, तमोलिन पुरवा, अदलाबाद, मझिलीपुरवा सहित करीब पचास गावों प्रभावित किया है। अब शारदा नदी का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है। घटते पानी के साथ ऊंचे स्थानों पर पलायन कर चुके लोग घरों को लौटने लगे हैं, लेकिन फसलें अभी भी जलमग्न हैं। कई गांवों के संपर्क अभी जलभराव के चलते बाधित है।

chat bot
आपका साथी