शौचालय का छज्जा गिरने से पांच साल के मासूम की मौत

अधिकारियों ने परिवार वालों को समझा-बुझाकर मामले को किया शांत। हादसे में आठ वर्ष का एक और बचा घायल हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 28 Jul 2020 10:55 PM (IST) Updated:Tue, 28 Jul 2020 10:55 PM (IST)
शौचालय का छज्जा गिरने से पांच साल के मासूम की मौत
शौचालय का छज्जा गिरने से पांच साल के मासूम की मौत

लखीमपुर: चौकी क्षेत्र के ग्राम लूकेपारा के प्राथमिक विद्यालय परिसर में मंगलवार सुबह शौचालय का छज्जा अचानक गिरने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। यह बच्चा छज्जे के नीचे खेल रहा था। हादसे में आठ वर्ष का एक और बच्चा घायल हो गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया लेकिन, कार्रवाई अभी कोई नहीं हुई है।

लूकेपारा निवासी रामेश्वर का पुत्र पांच वर्षीय बबलू शौचालय के पास खेल रहा था और कुछ बच्चे शौचालय की छत पर खेल रहे थे। बताया जा रहा उसी समय छज्जा भरभरा कर गिर गया। जिसके नीचे बबलू दब गया। इस दौरान गांव के सुरेश कुमार का आठ वर्षीय पुत्र कपिल भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि छज्जा गिरने से घायल बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कपिल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी भी घटनास्थल देखने पहुंचे। बताते हैं दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों व परिवार वालों को समझाकर पूरे मामले को शांत कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि शौचालय का निर्माण करीब दस साल पहले कराया गया था। शौचालय निर्माण में घटिया सामग्री और पीला ईंट का प्रयोग किया गया था। जिसकी वजह से ये हादसा हुआ है। जिम्मेदार की सुनिए बीएसए बुद्धप्रिय सिंह ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजकर पूरे मामले की जांच कराई गई है। शौचालय पर कुछ बच्चे खेल रहे थे, बबलू नीचे खेल रहा था। तभी छज्जा गिरा है। फिलहाल शौचालय को लेकर प्रधानाध्यापक से बात की जाएगी।

chat bot
आपका साथी