सज गई दुल्हन, बन गए पकवान, लेकिन आए न साजन

दुल्हन ने मेहंदी लगा ली। बरात के स्वागत के लिए पकवान तैयार हो गए। टेंट लग गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 11:01 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 11:01 PM (IST)
सज गई दुल्हन, बन गए पकवान, लेकिन आए न साजन
सज गई दुल्हन, बन गए पकवान, लेकिन आए न साजन

लखीमपुर: दुल्हन ने मेहंदी लगा ली। बरात के स्वागत के लिए पकवान तैयार हो गए। टेंट लग गया। काजी साहब भी आ गए लेकिन ऐन मौके पर दूल्हा और बराती गायब हो गए।

मामला कोतवाली पहुंच गया। दूल्हा और उसके परिवार पर दहेज मांगने का आरोप लगा। फिर पुलिस ने पंचायत बैठा दी जो गुरुवार की देरशाम तक जारी थी। मामला यह है कि ग्राम टेंगनहा निवासी रहीश बुधवार की आधी रात को कोतवाली धौरहरा पहुंचे। उन्होंने पुलिस से कहा कि उनकी बेटी चांदनी की शादी गांव के ही सफीक के बेटे आलमीन से तय थी। बुधवार 21 तारीख को बरात आनी थी। उन्होंने सब तैयारी कर ली। बेटी ने मेहंदी लगा ली। बरातियों के लिए गोश्त, सेला चावल और दूसरे पकवान बनवाए, लेकिन बरात नहीं आई। फोन पर बात की तो दूल्हा पक्ष ने उन्हें घर बुलाया। पत्नी और बेटी के साथ वहां पहुंचे तो पूरे दहेज और बाइक की मांग रख दी। बहस हुई तो आलमीन ने दुल्हन बनी बेटी चांदनी पर हाथ भी उठा दिया। पुलिस ने सिपाही दौड़ाए और दूसरे पक्ष को कोतवाली बुलाया गया। गुरुवार सुबह से ही दोनों पक्ष और उनके पक्ष के नेता नेतकुर कोतवाली में जुट गए। दोनों पक्ष आपस में पहले से करीबी रिश्तेदार हैं। इसलिए समझौते की कोशिशें तेज हो गईं। पुलिस भी कार्रवाई छोड़कर इस पंचायत से निकल कर आने वाले फैसले की प्रतीक्षा करने लगी। इसी इंतजार में गुरुवार का सूरज भी ढल गया, लेकिन पंचायत जारी थी। जिम्मेदार की सुनिए

दोनों पक्ष करीबी रिश्तेदार हैं। वह दोनों आपस में बात कर रहे हैं। सुलह हो गया तो ठीक, वरना वह चाहेंगे तो मुकदमा लिख देंगे।

विद्यासागर पाल, कोतवाल धौरहरा।

chat bot
आपका साथी