एपीओ की अनियंत्रित गाड़ी घर में घुसी, तीन महिलाएं घायल

कुशीनगर के पडरौना ब्लाक के सखवनिया बुजुर्ग में आयोजित चौपाल में शामिल होने जा रहे थे एपीओ घायल महिलाएं प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 11 Aug 2021 12:23 AM (IST) Updated:Wed, 11 Aug 2021 12:23 AM (IST)
एपीओ की अनियंत्रित गाड़ी घर में घुसी, तीन महिलाएं घायल
एपीओ की अनियंत्रित गाड़ी घर में घुसी, तीन महिलाएं घायल

कुशीनगर : पडरौना विकास खंड के गांव सखवनिया बुजुर्ग के मुसहर टोला में मंगलवार को आयोजित चौपाल में शामिल होने जा रहे ब्लाक एपीओ (सहायक कार्यक्रम अधिकारी) अरविद कुशवाहा की गाड़ी अनियंत्रित होकर एक मुसहर के घर में जा घुसी। इससे झोपड़ी ढह गई। तीन मुसहर महिलाएं घायल हो गई। उन्हें निकट के सीएचसी सखवनिया ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सुबह करीब 10 बजे हुई घटना में झोपड़ी के नीचे 70 वर्षीय रामरती, 50 वर्षीय सिरजावती व 18 वर्षीय सुशीला दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों के अनुसार वाहन खुद एपीओ चला रहे थे। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। चपेट में आईं महिलाओं की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।

चौपाल स्थल के नजदीक हुई इस घटना के बाद एपीओ ने घायल महिलाओं की सुधि लेनी तो दूर, इलाज कराने की भी पहल नहीं की। चौपाल में मौजूद बीडीओ, एडीओ पंचायत आदि ने भी घटना का संज्ञान नहीं लिया। खून से लथपथ महिलाओं को गांव के कोटेदार अनिल कुमार ने निजी साधन से सीएचसी सखवनिया भेजा, वहां तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीडीओ अनुज मलिक ने बताया कि उनको ऐसी किसी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है। इसको दिखवाती हूं। पीड़ितों को हर संभव मदद दी जाएगी। इस मामले में किसी भी स्तर से लापरवाही नहीं होगी। घायलों का ख्याल रखा जाएगा।

थानाध्यक्ष कुबेरस्थान संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी