पारिवारिक कलह में चली गोली, आरोपित गिरफ्तार

बड़े भाई ने मां व छोटे भाई को टारगेट कर झोंका फायर लोगों ने आरोपित को काबू में कर पुलिस को सौंपा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 07 Jun 2021 12:38 AM (IST) Updated:Mon, 07 Jun 2021 12:38 AM (IST)
पारिवारिक कलह में चली गोली, आरोपित गिरफ्तार
पारिवारिक कलह में चली गोली, आरोपित गिरफ्तार

कुशीनगर : पटहेरवा थाना क्षेत्र के इंदिरा बाजार में रविवार को दोपहर बाद पारिवारिक कलह में गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। संयोग रहा कि गोली किसी को लगी नहीं। आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। विवाद का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि बिहार गोपालगंज जिले के थाना गोपालपुर के गांव सेमरा बाजार निवासी विवेकानंद सिंह इंदिरा बाजार में मकान बनवा कर मां जगमती देवी के साथ रहते हैं। दोपहर लगभग दो बजे बाइक से उनका बड़ा भाई अजय प्रसाद सिंह उनके घर आया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी बीच अजय ने तमंचे से मां व भाई को निशाना साधकर गोली चला दी। संयोग रहा कि गोली दोनों के बगल से होते हुए दीवार में जा लगी। मां-बेटे की चीख पुकार सुन आस-पास के लोग आ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ देख आरोपित भागना चाहा लेकिन लोगों ने दौड़ा कर उसे दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को दो खोखे मिले। विवेकानंद ने बताया कि पारिवारिक कलह के कारण ही वे यहां मकान बनवा कर रहते हैं। मां भी साथ रहती है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने कहा कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पानी टंकी से कूदकर युवती ने दी जान

तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव महुअवां बुजुर्ग में रविवार को एक युवती ने पानी की टंकी से कूद कर जान दे दी। गांव के लोगों की सूचना पर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। बताया जा रहा कि युवती मानसिक रूप से बीमार थी।

दोपहर दो बजे के लगभग गांव के बाहर स्थित पानी टंकी से कुछ गिरने की आवाज आने पर आस-पास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो घायल युवती को देख हैरान रह गए। युवती की पहचान गांव की ही 22 वर्षीय प्रीति राजभर के रूप में हुई। स्वजन आनन-फानन उसे सीएचसी कुबेरस्थान ले गए। प्राथमिक इलाज बाद डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय उसकी मौत हो गई। एसएचओ आनंद गुप्ता ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

डीजे बजाने को लेकर मारपीट, छह घायल

पटहेरवा थाने के गांव परसौनी खुर्द में शनिवार रात आई बरात में डीजे बजाने को लेकर वर-वधू पक्ष के लोगों में विवाद के बाद मारपीट हो गई, जिसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

गांव में बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया से बरात आई थी। रात करीब 10 बजे द्वारपूजा के दौरान डीजे में बजे रहे गीत पर आपत्ति जताते हुए लड़की पक्ष के लोगों ने डीजे बंद करने को कहा। इस पर दूल्हे के रिश्तेदार आक्रोशित हो गए। कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते बात बढ़ गई और मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को निजी साधन से सीएचसी समउर बाजार ले जाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने घायलों में दो को जिला अस्पताल भेज दिया।

chat bot
आपका साथी